स्थान : बाजपुर
रिपोर्टर : विशेष शर्मा


ऊधम सिंह नगर पुलिस की ओर से चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत बाजपुर पुलिस ने दाबका नदी में हुई फायरिंग की घटना के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त गंडासा भी बरामद किया है।


पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई 2026 को दाबका नदी क्षेत्र में फायरिंग की घटना हुई थी। मामले में बाजपुर कोतवाली में एफआईआर संख्या 240/2026 दर्ज की गई थी। घटना के बाद से कुछ आरोपी फरार चल रहे थे और पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई थी।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद में वांछित, वारंटी और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ संदिग्ध एवं अभ्यस्त अपराधियों की धरपकड़ और अवैध असलहों व मादक पदार्थों की बरामदगी के लिए अभियान चलाया जा रहा है।

इसी अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक काशीपुर और क्षेत्राधिकारी बाजपुर के निर्देशन तथा प्रभारी निरीक्षक बाजपुर नरेश चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। 13 अगस्त को चौकी प्रभारी बन्नाखेड़ा उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह खड़ायत के नेतृत्व में टीम ने बरहैनी वन विभाग बैरियर के पास दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंग्रेज सिंह उर्फ मोंटी पुत्र जसवंत सिंह, निवासी ग्राम इटव्वा, थाना बाजपुर, उम्र 28 वर्ष और शैलेंद्र सिंह उर्फ छिंदर पुत्र प्रेम सिंह, निवासी ग्राम इटव्वा, थाना बाजपुर, उम्र 30 वर्ष के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त गंडासा भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी दाबका नदी में हुई फायरिंग की घटना में शामिल थे और घटना के बाद से फरार चल रहे थे।



मामले में बाजपुर कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 191(1), 191(2), 191(3), 351(3) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी और बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी की।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को पुलिस ने न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत फरार और वांछित आरोपियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक बाजपुर नरेश चौहान, उपनिरीक्षक एवं चौकी प्रभारी बन्नाखेड़ा सुरेंद्र सिंह खड़ायत, चौकी प्रभारी दोराहा देवेंद्र सिंह मेहता, अपर उपनिरीक्षक राकेश रौकली, हेड कांस्टेबल जगवीर सिंह, गिरीश पाटनी सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।

