स्थान : लक्सर
ब्यूरो रिपोर्ट

तीन दिन से लगातार हो रही भारी बारिश के बाद क्षेत्र की सोलानी नदी उफान पर आ गई है। नदी का जलस्तर बढ़ने से खानपुर क्षेत्र के हस्तमोली गांव के पास तटबंध पर कटान तेज हो गया है, जिससे आसपास के ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है।


ग्रामीणों के अनुसार सोलानी नदी का पानी लगातार तटबंध से टकरा रहा है और कई स्थानों पर कटान होने लगा है। स्थिति को देखते हुए तटबंध के टूटने का खतरा मंडरा रहा है, जिससे आसपास के कई गांव प्रभावित हो सकते हैं।



तटबंध टूटने की आशंका को देखते हुए हस्तमोली गांव के ग्रामीणों ने खुद ही मोर्चा संभाल लिया है। ग्रामीण श्रमदान कर कटान वाले स्थानों पर मिट्टी और अन्य सामग्री डालकर तटबंध को मजबूत करने का प्रयास कर रहे हैं।


ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते तटबंध की मरम्मत नहीं की गई तो बड़ा नुकसान हो सकता है। उनका दावा है कि तटबंध टूटने की स्थिति में क्षेत्र के 15 से अधिक गांव बाढ़ की चपेट में आ सकते हैं।

मामले की सूचना मिलने के बाद तहसील प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई है। प्रशासन की ओर से कटान रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और तटबंध को सुरक्षित रखने के लिए लगातार मिट्टी एवं अन्य सामग्री डाली जा रही है।


प्रशासनिक अधिकारी मौके पर रहकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि नदी के जलस्तर और तटबंध की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।


ग्रामीणों ने प्रशासन से तटबंध की सुरक्षा के लिए स्थायी इंतजाम करने और पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि बारिश के मौसम में हर वर्ष उन्हें बाढ़ का खतरा झेलना पड़ता है।
फिलहाल प्रशासन और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से तटबंध को बचाने का काम जारी है। क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है और संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए सभी संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा गया है।

