स्थान : रुड़की
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए रुड़की में नई जिला कार्यकारिणी की घोषणा की है। जिला कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान जिला अध्यक्ष दीपक लाखवान ने 26 कार्यकर्ताओं को विभिन्न संगठनात्मक पदों की जिम्मेदारी सौंपते हुए नई टीम का ऐलान किया।


जिला अध्यक्ष दीपक लाखवान ने कहा कि नई कार्यकारिणी का गठन संगठन को बूथ और गांव स्तर तक मजबूत बनाने के उद्देश्य से किया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई टीम संगठन की नीतियों और जनहित के मुद्दों को अधिक प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने का कार्य करेगी।



नई कार्यकारिणी में गौरव अग्रवाल को कार्यकारी जिला अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं आनंद राज शर्मा, मिलिंद चौधरी, विकास पैन्यूली, मोहित कुमार और अंजुम पठान को जिला महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके अलावा आनंद चौधरी को जिला सचिव नियुक्त किया गया है, जबकि धर्मेंद्र शर्मा, सुरेश कुकरेती, अली हसन और रामपाल सिंह को जिला उपाध्यक्ष बनाया गया है। अन्य कई सक्रिय कार्यकर्ताओं को भी संगठन में अलग-अलग दायित्व सौंपे गए हैं।
प्रेस वार्ता के दौरान दीपक लाखवान ने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल लगातार पूरे प्रदेश में अपना जनाधार मजबूत करने के लिए कार्य कर रहा है। रुड़की में भी संगठन को नई ऊर्जा देने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका में लाने के उद्देश्य से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया है।

उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारियों का चयन उनकी सक्रियता, कार्यशैली और संगठन के प्रति समर्पण को देखते हुए किया गया है। पार्टी को उम्मीद है कि नई टीम जनसरोकारों के मुद्दों को मजबूती से उठाते हुए संगठन का विस्तार करेगी।


दीपक लाखवान ने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल अपनी स्थापना से ही जल, जंगल और जमीन जैसे मूल मुद्दों पर संघर्ष करता आया है। उन्होंने कहा कि पार्टी अब मूल निवास के मुद्दे पर भी मजबूती से आवाज उठाएगी। नई कार्यकारिणी के गठन के साथ संगठन ने रुड़की में अपनी गतिविधियों को तेज करने के संकेत दिए हैं और दावा किया है कि नई टीम जनता के बीच सक्रिय रहकर स्थानीय एवं प्रदेशहित के मुद्दों पर प्रभावी भूमिका निभाएगी।

