स्थान : बाजपुर
ब्यूरो रिपोर्ट

ऊधम सिंह नगर जनपद की बाजपुर विधानसभा क्षेत्र के बूढ़ा फार्म गांव में सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आया है। वर्षों से सड़क सुविधा से वंचित ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ तो आगामी चुनाव में मतदान का बहिष्कार करने पर विचार किया जाएगा।


ग्रामीणों का कहना है कि उनका गांव पिछले करीब 40 वर्षों से पक्की सड़क का इंतजार कर रहा है। कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष समस्या उठाई गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका।



बरसात के मौसम में गांव की स्थिति और भी खराब हो जाती है। कच्चा रास्ता पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो जाता है, जिससे लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। ऐसे में दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित होता है।


ग्रामीणों ने बताया कि खराब रास्ते के कारण बच्चों को स्कूल पहुंचने में परेशानी होती है। वहीं बीमार और बुजुर्ग लोगों को अस्पताल ले जाना भी बड़ी चुनौती बन जाता है। किसानों को खेतों तक आने-जाने और कृषि उपज लाने-ले जाने में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि हर चुनाव के दौरान सड़क निर्माण का वादा किया जाता है, लेकिन चुनाव समाप्त होते ही यह मुद्दा ठंडे बस्ते में चला जाता है। उनका कहना है कि वर्षों से केवल आश्वासन मिले हैं, जबकि जमीनी स्तर पर कोई कार्य नहीं हुआ।

आक्रोशित ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि अब उन्हें केवल वादे नहीं, बल्कि सड़क का निर्माण चाहिए। उनका नारा है— “पहले सड़क का अधिकार, फिर होगा मतदान स्वीकार।” ग्रामीणों ने कहा कि विकास की बुनियादी सुविधाओं के बिना लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी पर पुनर्विचार करना उनकी मजबूरी बन गई है।


ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो वे आगामी चुनाव में मतदान के बहिष्कार का सामूहिक निर्णय लेने के लिए बाध्य होंगे।

