स्थान : नानकमत्ता (ऊधम सिंह नगर)
ब्यूरो रिपोर्ट

नानकमत्ता कोतवाली में गुरुवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने धरना-प्रदर्शन कर युवक के साथ हुई कथित मारपीट, छीना-झपटी और यौन उत्पीड़न की घटना के आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से मामले में सख्त कार्रवाई करने और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की मांग उठाई।


जानकारी के अनुसार, नानकमत्ता कोतवाली क्षेत्र का एक युवक देर रात सितारगंज सिडकुल से ड्यूटी समाप्त कर अपने घर लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में क्षेत्र के तीन युवकों ने उसे रोक लिया और उसके साथ मारपीट की। पीड़ित का आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने उसके साथ छीना-झपटी भी की।



पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसके साथ जबरन यौन उत्पीड़न किया। घटना के बाद युवक ने मामले की सूचना पुलिस को दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।


घटना से आक्रोशित ग्रामीण बड़ी संख्या में नानकमत्ता कोतवाली पहुंचे और धरने पर बैठ गए। उन्होंने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए मांग की कि सभी नामजद आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

धरना-प्रदर्शन के दौरान खटीमा के विधायक भुवन चंद्र कापड़ी सहित कई जनप्रतिनिधि भी नानकमत्ता कोतवाली पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों की मांगों का समर्थन किया और पुलिस अधिकारियों से मामले में त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही।

प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक ने प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों से वार्ता कर उन्हें पुलिस की कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नामजद तीन आरोपियों में से दो को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक मुख्य आरोपी अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और जल्द उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र में बढ़ते नशे के कारोबार पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने पुलिस प्रशासन से नशा तस्करों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाने की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि वे नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए पुलिस को हरसंभव सहयोग देने के लिए तैयार हैं।
प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक ने बताया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से गिद्धौर क्षेत्र में नई पुलिस चौकी स्थापित की जा रही है। उन्होंने कहा कि चौकी का उद्घाटन जल्द किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में पुलिस की निगरानी बढ़ेगी और नशे सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

