महंत यति रामस्वरूपानंद गिरी की तलाश में भटके महामंडलेश्वर, मंदिर विवाद को लेकर आंदोलन की चेतावनी

महंत यति रामस्वरूपानंद गिरी की तलाश में भटके महामंडलेश्वर, मंदिर विवाद को लेकर आंदोलन की चेतावनी

स्थान : रुड़की
ब्यूरो रिपोर्टर

श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद गिरी महाराज अपने शिष्य महंत यति रामस्वरूपानंद गिरी की तलाश में मंगलवार को पूरे दिन रुड़की क्षेत्र में इधर-उधर भटकते रहे। देर शाम महंत यति रामस्वरूपानंद गिरी मंगलौर थाना क्षेत्र की लखनौता चौकी में मिले, जहां से महामंडलेश्वर उन्हें अपने साथ लेकर रवाना हुए।

महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद गिरी महाराज ने वीडियो जारी कर बताया कि उनके शिष्य महंत यति रामस्वरूपानंद गिरी ने हरिद्वार के सर्वानंद घाट से मुख्यमंत्री आवास देहरादून तक पदयात्रा का आह्वान किया था। तय समय पर वे अपने अन्य यति शिष्यों के साथ सर्वानंद घाट पहुंचे, लेकिन वहां महंत नहीं मिले और उनका मोबाइल भी बंद मिला।

इसके बाद महामंडलेश्वर अपने दर्जनों शिष्यों के साथ पूरे दिन महंत की तलाश करते रहे। देर शाम जानकारी मिलने पर वे मंगलौर थाना क्षेत्र की लखनौता चौकी पहुंचे, जहां महंत यति रामस्वरूपानंद गिरी मिले। इसके बाद महामंडलेश्वर उन्हें अपने साथ लेकर रवाना हो गए।

महंत यति रामस्वरूपानंद गिरी ने दावा किया कि वह पिछले दो वर्षों से दहियाकी स्थित शिव मंदिर में सेवा कर रहे थे। उन्होंने बताया कि इस दौरान धार्मिक अनुष्ठानों के साथ मंदिर के विकास से जुड़े कई कार्य भी कराए गए। उनका आरोप है कि 27 जुलाई की रात कुछ लोग मंदिर में पहुंचे और उनके साथ अभद्रता करते हुए उन्हें मंदिर छोड़ने के लिए मजबूर किया।

महंत ने आरोप लगाया कि उनके साथ मारपीट की गई और दबाव बनाया गया। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। उन्होंने बताया कि इस मामले की शिकायत थाना मंगलौर और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से की गई, लेकिन अभी तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।

महंत यति रामस्वरूपानंद गिरी ने कहा कि यदि उन्हें सुरक्षा उपलब्ध कराकर दोबारा मंदिर में स्थापित नहीं किया गया तो वह संत समाज के साथ देशव्यापी आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। उन्होंने प्रशासन से मामले में जल्द हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की मांग की है।

वहीं महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद गिरी महाराज ने भी अपने शिष्य को न्याय दिलाने की बात कही है। फिलहाल मामला मंदिर विवाद और लगाए गए आरोपों की जांच से जुड़ा है, जिस पर पुलिस और प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।