विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर भ्रम न फैलाएं, नोटिस मिलने पर घबराने की जरूरत नहीं : एडीएम विवेक राय

विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर भ्रम न फैलाएं, नोटिस मिलने पर घबराने की जरूरत नहीं : एडीएम विवेक राय

स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्टर

विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर लोगों के बीच फैल रही भ्रांतियों को दूर करने के उद्देश्य से सोमवार को एडीएम एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय ने प्रेसवार्ता आयोजित कर स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि यह अभियान मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए चलाया जा रहा है।

उपजिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा अपात्र मतदाताओं के नाम सूची से हटाना है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग पारदर्शी और विश्वसनीय मतदाता सूची तैयार करने के लिए यह विशेष अभियान चला रहा है।

विवेक राय ने जानकारी दी कि जिले में अब तक लगभग 2.35 लाख मतदाताओं को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि नोटिस मिलने पर किसी भी मतदाता को घबराने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि यह केवल आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत कर अपने नाम का सत्यापन कराने की प्रक्रिया का हिस्सा है।

उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर नोटिस का जवाब दें और निर्वाचन आयोग द्वारा मान्य 12 वैध दस्तावेजों में से किसी एक को प्रस्तुत कर सत्यापन प्रक्रिया पूरी करें। इससे मतदाता सूची को अधिक सटीक और प्रमाणिक बनाया जा सकेगा।

एडीएम ने कहा कि निर्वाचन आयोग का उद्देश्य किसी पात्र मतदाता का नाम हटाना नहीं, बल्कि सूची को पूरी तरह त्रुटिरहित और अद्यतन बनाना है। उन्होंने लोगों से अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न देने तथा केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता महत्वपूर्ण है। इसलिए सभी मतदाता इस अभियान में सक्रिय सहयोग करें और समय पर दस्तावेज उपलब्ध कराकर मतदाता सूची को शत-प्रतिशत सही एवं पारदर्शी बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।