तारबाड़ में फंसे सेही का वन विभाग ने किया सफल रेस्क्यू, सुरक्षित जंगल में छोड़ा

तारबाड़ में फंसे सेही का वन विभाग ने किया सफल रेस्क्यू, सुरक्षित जंगल में छोड़ा

स्थान : लोहाघाट
ब्यूरो रिपोर्टर

चम्पावत जिले के लोहाघाट क्षेत्र के कर्णकरायत गांव में सोमवार को खेत की तारबाड़ में एक सेही (सोल) बुरी तरह फंस गया। समय रहते ग्रामीण की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद वन्यजीव का सफल रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष नवीन करायत अपने खेत पहुंचे तो उन्होंने देखा कि जानवरों से फसल की सुरक्षा के लिए लगाई गई तारबाड़ में एक सेही बुरी तरह उलझा हुआ है। सेही छटपटा रहा था और खुद को छुड़ाने की कोशिश में और अधिक घायल हो रहा था।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नवीन करायत ने तत्काल वन विभाग लोहाघाट को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही लोहाघाट रेंजर रमेश जोशी के निर्देश पर वन बीट अधिकारी रोहित मेहता और हिमांशु ढेक मौके पर पहुंचे तथा रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

वन विभाग की टीम ने बताया कि रेस्क्यू के दौरान सेही लगातार अपने नुकीले कांटे छोड़ रहा था, जिससे बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण हो गया। सुरक्षा के मद्देनजर वन कर्मियों ने हेलमेट पहनकर सावधानीपूर्वक तारबाड़ को काटा और काफी प्रयास के बाद सेही को सुरक्षित बाहर निकाला।

वन कर्मियों के अनुसार सेही का वजन लगभग 12 से 14 किलोग्राम था। तारबाड़ में लंबे समय तक फंसे रहने के कारण उसकी गर्दन पर चोटें आई थीं, लेकिन उसे गंभीर खतरे से बाहर निकालने में टीम सफल रही।

रेस्क्यू के बाद जैसे ही सेही को आजाद किया गया, वह धीरे-धीरे जंगल की ओर चला गया। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी भी वन्यजीव के फंसने या घायल होने की सूचना मिले तो स्वयं बचाव का प्रयास करने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचित करें, ताकि सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया जा सके।