

स्थान : मंगलौर
ब्यूरो रिपोर्टर

कांवड़ यात्रा अब अपने चरम की ओर बढ़ रही है। हरिद्वार से गंगाजल लेकर लाखों शिवभक्त अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हो चुके हैं। श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर चौकसी और बढ़ा दी है।


मंगलौर क्षेत्र में कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। क्षेत्राधिकारी अभिनय चौधरी स्वयं पूरे क्षेत्र की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और संवेदनशील स्थानों की स्थिति की नियमित समीक्षा कर रहे हैं।



क्षेत्राधिकारी समय-समय पर पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों से यात्रा मार्ग की स्थिति, यातायात व्यवस्था तथा सुरक्षा संबंधी अपडेट ले रहे हैं। साथ ही आवश्यकतानुसार अधिकारियों को मौके पर ही दिशा-निर्देश भी दिए जा रहे हैं, ताकि किसी भी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।


कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रमुख चौराहों, यात्रा मार्गों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिसकर्मी लगातार गश्त कर रहे हैं और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में जुटे हैं।

यात्रा को सुचारु बनाए रखने के लिए यातायात प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पुलिस द्वारा वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने के साथ-साथ कांवड़ियों को सुरक्षित मार्ग उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं, जिससे यात्रा बिना किसी बाधा के जारी रह सके।


क्षेत्राधिकारी अभिनय चौधरी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के सफल संचालन के लिए पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य कर रही है। श्रद्धालुओं से भी अपील की गई है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि यात्रा सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।



