

स्थान : बनबसा ( चंपावत)
ब्यूरो रिपोर्टर

पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देश पर थाना बनबसा पुलिस ने गुम हुए मोबाइल फोनों की बरामदगी के लिए चलाए गए विशेष अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। थाना पुलिस की विशेष टीम ने सर्विलांस सेल और सीईआईआर (CEIR) पोर्टल की सहायता से तकनीकी जांच करते हुए विभिन्न राज्यों एवं जनपदों से कुल 12 मोबाइल फोन बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये है।


पुलिस के अनुसार बरामद मोबाइल फोन पीलीभीत, बिहार, दिनेशपुर, पिथौरागढ़, दिल्ली, कन्नौज, खटीमा सहित अन्य जनपदों और राज्यों से तकनीकी पड़ताल के आधार पर बरामद किए गए। पुलिस टीम ने लगातार निगरानी और तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से इन मोबाइलों का पता लगाकर उन्हें सफलतापूर्वक रिकवर किया।


सोमवार को थाना बनबसा परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने सभी बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे। लंबे समय बाद अपने खोए हुए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने चम्पावत पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।


इस अवसर पर एसपी रेखा यादव ने उपस्थित लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया। उन्होंने संचार साथी ऐप, सीईआईआर पोर्टल तथा अन्य ऑनलाइन सुरक्षा सेवाओं की जानकारी देते हुए बताया कि मोबाइल गुम होने या साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल संबंधित माध्यमों का उपयोग करना चाहिए।
उन्होंने नागरिकों को साइबर धोखाधड़ी से बचाव, नशा मुक्ति अभियान, महिला सुरक्षा तथा मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 सहित विभिन्न जनहितकारी सेवाओं की भी जानकारी दी। साथ ही लोगों से डिजिटल माध्यमों का सावधानीपूर्वक उपयोग करने और संदिग्ध कॉल या लिंक से सतर्क रहने की अपील की।


एसपी ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति का मोबाइल फोन गुम हो जाए या वह किसी साइबर ठगी का शिकार हो, तो बिना विलंब साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें तथा सीईआईआर पोर्टल का उपयोग कर मोबाइल को ब्लॉक एवं ट्रैक कराने की प्रक्रिया शुरू करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि चम्पावत पुलिस नागरिकों की सुरक्षा और साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है।



