

स्थान : खटीमा
रिपोर्टर :अशोक सरकार

8 जुलाई 2024 को आई भीषण आपदा से प्रभावित व्यापारियों को अब तक मुआवजा नहीं मिलने पर कांग्रेस ने नाराजगी जताई है। समस्त कांग्रेस कमेटी खटीमा की ओर से उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर प्रभावित व्यापारियों को जल्द राहत राशि उपलब्ध कराने की मांग की गई।


कांग्रेस नेताओं का कहना है कि आपदा के बाद प्रशासन ने नुकसान का आकलन कर प्रभावित व्यापारियों को शीघ्र मुआवजा देने का आश्वासन दिया था, लेकिन एक वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बाद भी कई व्यापारी राहत राशि का इंतजार कर रहे हैं।



कांग्रेस ने कहा कि बाढ़ के कारण खटीमा क्षेत्र के कई व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा था। लंबे समय से मुआवजा नहीं मिलने के कारण व्यापारी आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं और उनमें प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।

ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस ने तीन प्रमुख मांगें रखीं। इसमें सभी प्रभावित व्यापारियों को तत्काल मुआवजा दिए जाने, लंबित सत्यापन और निस्तारण की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने तथा मुआवजा वितरण की प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की मांग शामिल है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आपदा प्रभावित व्यापारियों को राहत देना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रशासन से जनहित और व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया।

वहीं, तहसीलदार वीरेंद्र सजवान ने बताया कि 8 जुलाई 2024 को खटीमा क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति बनी थी। मुख्यमंत्री द्वारा आपदा राहत राशि उपलब्ध कराई गई थी, लेकिन जिन प्रभावित लोगों को अब तक धनराशि नहीं मिल पाई है, उनकी मांगों को लेकर कांग्रेस की ओर से ज्ञापन सौंपा गया है।



प्रशासन का कहना है कि प्राप्त ज्ञापन और प्रभावित लोगों की समस्याओं का नियमानुसार परीक्षण किया जाएगा। अब सभी की नजरें इस बात पर हैं कि प्रशासन मुआवजे को लेकर आगे क्या कदम उठाता है और प्रभावित व्यापारियों को कब तक राहत मिल पाती है।

