शिक्षिका सृष्टि कंडारी मौत मामला: दहेज हत्या के आरोप में पति और ननद गिरफ्तार

शिक्षिका सृष्टि कंडारी मौत मामला: दहेज हत्या के आरोप में पति और ननद गिरफ्तार

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

टिहरी के राजकीय इंटर कॉलेज में तैनात शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध मौत के मामले में दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दहेज हत्या के आरोप में मृतका के पति सौरभ खत्री और ननद सुरभि उर्फ चारू को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, पौड़ी निवासी मृतका की मां सीमा कंडारी ने 29 जुलाई को डोईवाला कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी बेटी सृष्टि की शादी नवंबर 2025 में हर्रावाला निवासी सौरभ खत्री से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग को लेकर उसका उत्पीड़न किया जा रहा था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी (सीओ) वंदना वर्मा के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम ने मामले की त्वरित जांच शुरू कर विभिन्न साक्ष्य एकत्र किए।

जांच के दौरान पुलिस को मृतका के उत्पीड़न से संबंधित एक वीडियो साक्ष्य भी मिला, जिसे जांच में महत्वपूर्ण प्रमाण माना गया। पुलिस ने अन्य उपलब्ध साक्ष्यों और शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई आगे बढ़ाई।

पुलिस टीम ने 1 अगस्त को लक्ष्मण एन्क्लेव क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी पति सौरभ खत्री और ननद सुरभि उर्फ चारू को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को न्यायालय में पेश किए जाने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। यदि जांच के दौरान अन्य लोगों की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध मौत के मामले ने पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और वैज्ञानिक जांच के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी तथा दोषियों को कानून के अनुसार सख्त सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।