

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

धर्मनगरी हरिद्वार में कांवड़ यात्रा अपने पूरे उत्साह और आस्था के साथ जारी है। यात्रा के तीसरे दिन हरिद्वार के दिल्ली हाईवे, नहर पटरी और प्रमुख मार्गों पर चारों ओर कांवड़ियों का रेला नजर आ रहा है। हर तरफ बोल बम के जयकारों के साथ शिवभक्त अपने गंतव्य की ओर बढ़ते दिखाई दे रहे हैं।


कांवड़ यात्रा के शुरुआती दो दिनों में ही करीब 25 लाख कांवड़िये हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने-अपने क्षेत्रों के लिए रवाना हो चुके हैं। देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में शिवभक्त गंगाजल लेने के लिए धर्मनगरी पहुंच रहे हैं।



हरिद्वार के हरकी पैड़ी और आसपास के घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीhड़ देखने को मिल रही है। कांवड़िये गंगा स्नान कर विधि-विधान से गंगाजल भरकर अपने शिवालयों की ओर प्रस्थान कर रहे हैं।

कांवड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए हैं। यात्रा मार्गों पर पुलिसकर्मी तैनात हैं और भीड़ नियंत्रण के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।
दिल्ली हाईवे और नहर पटरी मार्ग पर कांवड़ियों की लगातार आवाजाही बनी हुई है। प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं से अनुशासन बनाए रखने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की जा रही है।


कांवड़ यात्रा में शामिल शिवभक्तों का कहना है कि हर साल वे भगवान शिव की भक्ति और आस्था के साथ हरिद्वार पहुंचते हैं। गंगाजल लेकर अपने गांव और शहरों में स्थित शिव मंदिरों में जलाभिषेक करना उनके लिए विशेष धार्मिक महत्व रखता है।


प्रशासन का अनुमान है कि आने वाले दिनों में कांवड़ियों की संख्या और बढ़ सकती है। इसे देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं और यातायात प्रबंधन को लेकर सभी विभागों को सतर्क रखा गया है।

