

स्थान : लालकुआँ
ब्यूरो रिपोर्ट

बिन्दुखत्ता में ब्लॉक महिला कांग्रेस कमेटी की ओर से भव्य स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नैनीताल महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष खष्टी बिष्ट का महिला कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहीं तथा संगठन की एकजुटता का संदेश दिया गया।


कार्यक्रम के दौरान “कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद” और “महिला कांग्रेस जिंदाबाद” के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। मंच पर क्षेत्र की प्रमुख महिला नेत्रियों एवं पदाधिकारियों की मौजूदगी रही। कार्यक्रम में फूला देवी, नीमा देवी तथा मीना जोशी सहित कई महिला नेताओं ने भाग लिया और संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।



इस अवसर पर ब्लॉक महिला कांग्रेस कमेटी का विस्तार भी किया गया। विभिन्न पदों पर नई महिला कार्यकर्ताओं की नियुक्तियां करते हुए उन्हें संगठन की जिम्मेदारियां सौंपी गईं। वक्ताओं ने कहा कि संगठन का उद्देश्य महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना और बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत बनाना है।


महिला नेताओं ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य महिला कार्यकर्ताओं के बीच आपसी समन्वय बढ़ाना तथा पार्टी संगठन को और अधिक मजबूत करना है। उन्होंने आगामी राजनीतिक चुनौतियों का सामना करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महिला कांग्रेस की वक्ताओं ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे करती है, लेकिन सत्ता में आने के बाद उन्हें पूरा नहीं करती। वक्ताओं ने भाजपा सरकार को “जुमलों की सरकार” बताते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के मुद्दे पर सरकार पूरी तरह विफल रही है।

वक्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार, महिलाओं के उत्पीड़न तथा आम जनता की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। उनका कहना था कि सड़क, पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए लोगों को संघर्ष करना पड़ रहा है तथा जनता सरकार की कार्यप्रणाली से नाराज है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में परिवर्तन की मांग लगातार मजबूत हो रही है।


महिला कांग्रेस नेताओं ने विश्वास जताया कि कांग्रेस हमेशा महिलाओं और आम जनता के हितों के लिए कार्य करती रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियां अभी से शुरू कर दी हैं और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जा रहा है। वक्ताओं ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सत्ता में वापसी करेगी।

