रामनगर में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के दूसरे चरण की शुरुआत, 35 हजार नोटिस जारी

रामनगर में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के दूसरे चरण की शुरुआत, 35 हजार नोटिस जारी

स्थान : रामनगर
ब्यूरो रिपोर्ट

विधानसभा क्षेत्र रामनगर में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनर्निरीक्षण (एसआईआर) अभियान के दूसरे चरण की कार्रवाई शुरू हो गई है। इस चरण में मतदाता सूची में दर्ज नाम, पता, उम्र और अन्य विवरणों में पाई गई विसंगतियों को दूर करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इसके तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर संबंधित मतदाताओं को नोटिस तामील करा रहे हैं।

उपजिलाधिकारी रामनगर गोपाल सिंह चौहान ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में करीब चार हजार ऐसे मतदाता चिन्हित किए गए हैं, जिनकी मैपिंग नहीं हो सकी है। इसके अलावा लगभग 31 हजार मतदाताओं के नाम, उम्र, पता अथवा अन्य विवरणों में विभिन्न प्रकार की विसंगतियां सामने आई हैं।

उन्होंने बताया कि इन सभी मामलों को मिलाकर करीब 35 हजार नोटिस तैयार किए गए हैं। प्रशासन की ओर से सभी नोटिस संबंधित बीएलओ को उपलब्ध करा दिए गए हैं, जिन्होंने घर-घर जाकर नोटिस तामील कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि प्रत्येक मतदाता को अपना पक्ष रखने और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने का अवसर मिल सके।

एसडीएम ने बताया कि जिन मतदाताओं की पहली सुनवाई 3 अगस्त को निर्धारित है, उनके नोटिस 27 जुलाई को ही बीएलओ को सौंप दिए गए थे। सुनवाई की प्रक्रिया 3 अगस्त से 24 अगस्त तक चलेगी। हालांकि, इस अवधि के दौरान पड़ने वाले अवकाश के दिनों में सुनवाई नहीं की जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि कोई भी पात्र मतदाता अपनी बात रखने से वंचित न रहे। यदि किसी मतदाता को नोटिस समय पर प्राप्त नहीं होता है या वह निर्धारित तिथि पर उपस्थित नहीं हो पाता है, तो ऐसे मामलों के लिए अतिरिक्त सुनवाई की तिथियां भी निर्धारित की जाएंगी।

सुनवाई की प्रक्रिया को व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के लिए रामनगर विधानसभा क्षेत्र में नौ सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (AERO) नियुक्त किए गए हैं। प्रत्येक दिन नौ बूथों पर बूथवार सुनवाई होगी, जिसके लिए क्लस्टर और विस्तृत कार्यक्रम तैयार किया गया है। प्रशासन ने कहा है कि निर्वाचन आयोग और जिला निर्वाचन अधिकारी के सभी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए विशेष गहन पुनर्निरीक्षण अभियान को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से पूरा किया जाएगा।