जसपुर में आयोजित हुआ ‘लखपति दीदी’ कार्यक्रम, आत्मनिर्भर महिलाओं का हुआ सम्मान

जसपुर में आयोजित हुआ ‘लखपति दीदी’ कार्यक्रम, आत्मनिर्भर महिलाओं का हुआ सम्मान

स्थान : जसपुर
ब्यूरो रिपोर्ट

खंड विकास अधिकारी कार्यालय सभागार, जसपुर में भाजपा महिला मोर्चा की ओर से ‘लखपति दीदी’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन श्रीमती राज दीपिका मधुर के नेतृत्व में हुआ, जबकि संचालन भाजपा महामंत्री विशाल कश्यप ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखंड प्रदेश आपदा प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष एवं दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री विनय कुमार रुहेला रहे। उनके साथ भाजपा जिला अध्यक्ष काशीपुर मनोज सिंह पाल, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष आकांक्षा ठाकुर तथा महिला मोर्चा जिला मंत्री प्रियंका मिश्रा सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी अतिथियों का पुष्पमालाओं और अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया गया।

मुख्य अतिथि विनय कुमार रुहेला ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र और उत्तराखंड की भाजपा सरकार महिलाओं की सुरक्षा के साथ-साथ उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं आज स्वरोजगार के माध्यम से अपनी अलग पहचान बना रही हैं।

उन्होंने कहा कि ‘लखपति दीदी’ योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण की नई दिशा मिली है। प्रदेश की हजारों महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार की आय बढ़ाने के साथ समाज में भी प्रेरणा का स्रोत बन रही हैं। यह सरकार की महिला सशक्तिकरण के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

कार्यक्रम के दौरान जसपुर विधानसभा क्षेत्र की करीब दो दर्जन महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनने पर स्मृति चिन्ह और पुष्पमालाएं भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मानित महिलाओं ने स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आर्थिक आत्मनिर्भरता हासिल करने के अपने अनुभव भी साझा किए।

भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज सिंह पाल, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष आकांक्षा ठाकुर और अन्य वक्ताओं ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्र और राज्य सरकार की महिला कल्याण एवं स्वरोजगार योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने महिलाओं से सरकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का समापन महिलाओं के सम्मान और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के साथ हुआ। वक्ताओं ने विश्वास जताया कि ‘लखपति दीदी’ जैसी पहल से अधिक से अधिक महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त बनेंगी और समाज के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रहेंगी।