सितारगंज कोतवाली में नवनिर्मित पुलिस आवासों का एसएसपी ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता और समयबद्ध कार्य के दिए निर्देश

सितारगंज कोतवाली में नवनिर्मित पुलिस आवासों का एसएसपी ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता और समयबद्ध कार्य के दिए निर्देश

स्थान : सितारगंज
ब्यूरो रिपोर्ट

ऊधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति ने शनिवार सितारगंज कोतवाली पहुंचकर नवनिर्मित पुलिस आवासों का निरीक्षण किया। करीब 4 करोड़ 7 लाख रुपये की लागत से तैयार किए जा रहे आवासीय भवनों का जायजा लेते हुए उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया और शेष कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने कार्यदायी संस्था पेयजल विभाग के अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सभी कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं और जहां कहीं भी कमियां हैं, उन्हें शीघ्र दूर किया जाए ताकि भवन समय पर पुलिस कर्मियों को उपलब्ध कराए जा सकें।

एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सहयोग से प्रदेशभर में पुलिस आवासों के निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है। जिन स्थानों पर पुलिस आवासों की कमी थी, वहां प्राथमिकता के आधार पर नए आवास बनाए जा रहे हैं, जिससे पुलिस कर्मियों को बेहतर आवासीय सुविधाएं मिल सकें।

उन्होंने कहा कि सितारगंज में निर्माण कार्य की गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई है। निरीक्षण के दौरान कुछ छोटी-मोटी कमियां सामने आई हैं, जिन्हें संबंधित अधिकारियों को जल्द दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। शेष कार्य पूरा होने के बाद पुलिस कर्मियों का गृह प्रवेश कराया जाएगा।

एसएसपी ने निर्माण एजेंसी से कहा कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने समयबद्ध तरीके से परियोजना पूरी करने पर भी जोर दिया।

पुलिस विभाग का मानना है कि नए आवास बनने से पुलिस कर्मियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, जिससे उनका मनोबल बढ़ेगा और वे अधिक प्रभावी ढंग से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकेंगे।

निरीक्षण के दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी भूपेंद्र सिंह धौनी, कोतवाल सुंदरम शर्मा, पेयजल विभाग के अधिकारी तथा कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि एवं राजकीय ठेकेदार भी मौजूद रहे।