

स्थान : रानीखेत
रिपोर्टर : संजय जोशी

आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देते हुए कांग्रेस ने रानीखेत विधानसभा क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। ताड़ीखेत विकासखंड के न्याय पंचायत स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से न्याय पंचायत प्रभारियों की नियुक्ति की गई। इस संबंध में कांग्रेस कार्यालय रानीखेत में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई।


बैठक में कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) सदस्य एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने विधानसभा क्षेत्र की चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव संगठन की एकजुटता, अनुशासन और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी के बल पर लड़ा जाएगा।


करन माहरा ने नव-नियुक्त न्याय पंचायत प्रभारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने तथा जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से जनता के बीच पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही चुनावी सफलता की आधारशिला है।

बैठक में ताड़ीखेत विकासखंड के लिए न्याय पंचायत प्रभारियों की घोषणा की गई। कैलाश पाण्डेय को जैनोली, अरुण रावत को पंतकोटुली, कमलेश बोरा को सगनेटी, प्रेम अधिकारी को पीपली, गोपाल सिंह कनवाल को बिल्लेख, गुसाईं राम आर्या को बंगोड़ा, अतुल जोशी को विश्वा, विश्व विजय सिंह माहरा को बमस्यूं, पंकज जोशी को पथूली तथा प्रदीप माहरा को कपीना-पाण्डेकोटा न्याय पंचायत का प्रभारी बनाया गया।
बैठक का संचालन पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष गोपाल सिंह देव ने किया। इस दौरान संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने, जनसंपर्क अभियान तेज करने और बूथ प्रबंधन को प्रभावी बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई।

कार्यक्रम में पीसीसी सदस्य कैलाश पाण्डेय, चिलियानौला नगर अध्यक्ष कमलेश बोरा, एससी विभाग प्रकोष्ठ अध्यक्ष गुसाईं राम आर्या, कॉर्डिनेटर कुलदीप कुमार, कार्यालय प्रबंधक रमेश पंत, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीप, उपाध्यक्ष विजय तिवारी, मीडिया प्रभारी सोनू सिद्दीकी, चंदन बिष्ट, चंदन करायत, ललित बिष्ट सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


कांग्रेस नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि संगठन को न्याय पंचायत और बूथ स्तर तक सशक्त बनाकर आगामी विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही कार्यकर्ताओं से जनता के बीच सक्रिय रहकर स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया गया।

