

रिपोर्टर : संजय जोशी
स्थान : रानीखेत

उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) रानीखेत के तत्वावधान में हैड़ाखान मंदिर परिसर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान फलदार, औषधीय और देवदार प्रजाति के 100 से अधिक पौधे रोपे गए।


वृक्षारोपण कार्यक्रम के बाद स्वयंसेवकों का एकत्रीकरण आयोजित किया गया, जिसमें लाल पैथोलॉजी के निदेशक ब्रिगेडियर पद्मश्री डॉ. अरविंद लाल, रानीखेत विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल और अल्मोड़ा विभाग के विभाग प्रचारक कमल जी की गरिमामयी उपस्थिति रही।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पद्मश्री डॉ. अरविंद लाल ने कहा कि हरेला पर्व केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों की पूरे वर्ष देखभाल करना भी हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार हम अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखते हैं, उसी प्रकार वृक्षों के स्वास्थ्य और संरक्षण की चिंता भी करनी चाहिए।


उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि लगाए गए पौधों को नियमित रूप से संरक्षित करें, ताकि देवभूमि उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यावरण को प्रदूषण से बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि वृक्ष जीवन का आधार हैं और इनके संरक्षण से ही आने वाली पीढ़ियों को बेहतर पर्यावरण मिल सकेगा।
विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ देवभूमि की प्राचीन संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण एवं पुनर्जीवन के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को संजोने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।


विभाग प्रचारक कमल जी ने कहा कि हरेला पर्व पर वृक्षारोपण अभियान को जनआंदोलन बनाने में स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी स्वयंसेवकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।


कार्यक्रम में लाल पैथोलॉजी की कार्यकारी निदेशक डॉ. वंदना लाल, हैड़ाखान चिकित्सालय के निदेशक डॉ. विजयशील उपाध्याय, आरएसएस जिला व्यवस्था प्रमुख धर्मानंद, कर्नल राणा, मोहन नेगी, दीप भगत, डॉ. संजय श्रीवास्तव, डॉ. अभय गुप्ता, डॉ. प्रियंका रमोला सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

इसके अलावा भाजपा मंडल अध्यक्ष ललित मेहरा, विश्व हिंदू परिषद के संगठन मंत्री वेद प्रकाश जी, विहिप नगर अध्यक्ष नवल पांडे सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. मुकेश कुमार गुप्ता ने किया।

