तराई विकास संघ के अध्यक्ष बने गोपाल बोरा, खटीमा में भव्य स्वाग

तराई विकास संघ के अध्यक्ष बने गोपाल बोरा, खटीमा में भव्य स्वाग

स्थान- खटीमा/ऊधम सिंह नगर
रिपोर्टर – अशोक सरकार

ऊधम सिंह नगर के खटीमा में तराई विकास संघ (टीवीएस) के अध्यक्ष पद पर लगातार दूसरी बार निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद वरिष्ठ भाजपा नेता गोपाल बोरा का कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और मिष्ठान वितरण के बीच उनका अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर मुख्य चौक से शहीद स्मारक तक विजय जुलूस भी निकाला गया।

गोपाल बोरा के खटीमा पहुंचते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने मुख्य चौक पर फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। इसके बाद ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच विजय जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। पूरे मार्ग पर उत्साह और जश्न का माहौल देखने को मिला।

शहीद स्मारक पहुंचकर गोपाल बोरा ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन के शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने अपनी इस जीत को राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान को समर्पित बताते हुए कहा कि उनके आदर्शों पर चलते हुए समाज और संगठन की सेवा करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।

इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता एवं राज्य सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष दान सिंह रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा पंचायत से लेकर सहकारिता तक लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने गोपाल बोरा का लगातार दूसरी बार निर्विरोध अध्यक्ष चुना जाना संगठन की मजबूती और जनता के विश्वास का प्रतीक बताया।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष गोपाल बोरा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पार्टी नेतृत्व और सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने एक सामान्य कार्यकर्ता पर विश्वास जताकर उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है, जिसका वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे।

जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्या ने भी गोपाल बोरा को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सहकारिता के क्षेत्र में भाजपा की यह सफलता मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व और संगठन की मजबूत कार्यशैली का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि गोपाल बोरा के नेतृत्व में तराई विकास संघ नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।

कार्यक्रम में भाजपा के नगर एवं ग्रामीण मंडलों के पदाधिकारी, वरिष्ठ एवं युवा कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे। स्वागत समारोह के दौरान कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटी, आतिशबाजी की और नवनिर्वाचित अध्यक्ष के समर्थन में जोरदार नारे लगाए।