मऊ में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित, 485 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ

मऊ में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित, 485 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ

स्थान : चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार संचालित ‘सेवा पखवाड़ा’ के अंतर्गत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत विकासखंड बाराकोट की ग्राम पंचायत मऊ स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में जनसमस्या निवारण एवं बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता जिलाधिकारी मनीष कुमार ने की, जबकि ग्राम प्रधान तुलसी देवी ने उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि सेवा पखवाड़ा का उद्देश्य प्रशासन को गांव-गांव तक पहुंचाकर आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने राजकीय इंटर कॉलेज मऊ की कक्षा 12 की छात्रा कुमारी ज्योति को गुलदार से अपने परिवार की बहादुरी से रक्षा करने के लिए वीरता पुरस्कार प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में इस साहसिक कार्य की सभी ने सराहना की।

शिविर के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित 74 आवेदन एवं शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड, श्रम कार्ड, स्वास्थ्य सेवाएं, सोलर लाइट, गौशाला निर्माण, घेरबाड़, पेयजल, विद्युत, सड़क, मंदिर सौंदर्यीकरण तथा अन्य विकास कार्यों से जुड़े मामले शामिल रहे। जिलाधिकारी ने अधिकांश प्रकरणों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देकर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्रामीणों की निशुल्क स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक दवाओं का वितरण किया गया। वहीं आयुष एवं होम्योपैथिक विभाग ने भी बड़ी संख्या में लोगों को निशुल्क चिकित्सा परामर्श और दवाएं उपलब्ध कराईं। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग ने पात्र लाभार्थी दीपा देवी को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट प्रदान की।

शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉलों के माध्यम से 485 लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। ग्राम्य विकास, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, उद्यान, मत्स्य, आयुष, पूर्ति, पशुपालन, लोक निर्माण विभाग सहित कई विभागों ने योजनाओं की जानकारी देने के साथ प्रमाण-पत्र, खाता-खतौनी संबंधी सेवाएं और अन्य जनोपयोगी सुविधाएं भी मौके पर उपलब्ध कराईं। मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार ने किसानों से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ उठाने और फार्मर आईडी शीघ्र बनवाने की अपील की।

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख श्रीमती सीमा आर्या ने सेवा पखवाड़ा अभियान की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। वहीं दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से प्रशासन गांव-गांव पहुंचकर लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ उनके घर के निकट उपलब्ध करा रहा है, जिससे आमजन को काफी सुविधा मिल रही है।