

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हर्रावाला रेलवे स्टेशन, देहरादून से ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के उपलक्ष्य में वेरावल (सोमनाथ) के लिए विशेष रेल यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की।


मुख्यमंत्री ने कहा कि यह यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि राष्ट्र के स्वाभिमान, सांस्कृतिक चेतना और सनातन परंपराओं से जुड़ने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन देश की सांस्कृतिक विरासत को सुदृढ़ करने का कार्य करते हैं।



पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उन्हें प्रसन्नता है कि छह दिवसीय इस विशेष यात्रा में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 700 श्रद्धालु भाग ले रहे हैं। उन्होंने इसे समाज के विभिन्न वर्गों की व्यापक सहभागिता का प्रतीक बताया।


मुख्यमंत्री ने बताया कि यात्रा में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी माताएं-बहनें, विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थी, संत समाज के प्रतिनिधि तथा समाज के विभिन्न वर्गों के लोग शामिल हैं। इससे सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का संदेश भी जाएगा।

उन्होंने कहा कि सोमनाथ मंदिर भारत की आस्था, इतिहास और गौरव का महत्वपूर्ण प्रतीक है। ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों की यात्राएं लोगों को अपनी समृद्ध विरासत से जोड़ने का कार्य करती हैं।


मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखने और यात्रा के अनुभवों को समाज के साथ साझा करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की यात्राएं आध्यात्मिक ऊर्जा के साथ-साथ सामाजिक सद्भाव को भी मजबूत करती हैं।


उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेशवासियों को धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। सरकार का उद्देश्य प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को संरक्षित करने के साथ-साथ लोगों को देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों से जोड़ना भी है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और श्रद्धालु उपस्थित रहे। विशेष रेल यात्रा के रवाना होने के दौरान हर्रावाला रेलवे स्टेशन पर उत्साह और श्रद्धा का वातावरण देखने को मिला।

