

स्थान : जसपुर
ब्यूरो रिपोर्ट

जसपुर में सड़क हादसे के पीछे छिपी हत्या की सनसनीखेज साजिश का पुलिस ने महज 48 घंटे में खुलासा कर दिया है। पुरानी रंजिश के चलते कार से बाइक को टक्कर मारकर एक युवक की हत्या की गई थी, जबकि घटना को सड़क दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया गया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त कार भी बरामद कर ली है।


पुलिस के अनुसार 10 जुलाई को ठाकुरद्वारा चुंगी के पास खेड़ा रोड पर एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी थी। हादसे में तीनों युवक घायल हो गए थे और प्रारंभिक जांच में इसे सामान्य सड़क दुर्घटना माना गया।



घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान नितिन कुमार की मौत हो गई। वहीं उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल है, जिसका निजी अस्पताल में उपचार जारी है। नितिन की मौत के बाद परिजनों ने इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए पुलिस को तहरीर दी।

परिजनों की शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर विशेष जांच टीम का गठन किया। पुलिस ने घटनास्थल के साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी जानकारियों के आधार पर मामले की गहन जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर घटना का खुलासा करते हुए आरोपी पुष्पेन्द्र चौहान उर्फ मानू और जाकिर गुज्जर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बलेनो कार भी बरामद कर ली है।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि उनकी नितिन कुमार से पुरानी रंजिश थी। इसी रंजिश के चलते उन्होंने योजनाबद्ध तरीके से कार से बाइक को टक्कर मारकर हत्या की और पूरे मामले को सड़क दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया।


पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई पूरी की जा रही है। दोनों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की गहन जांच की गई, जिसके चलते हत्या की साजिश का शीघ्र पर्दाफाश हो सका। इस कार्रवाई से एक गंभीर आपराधिक घटना का समय रहते खुलासा कर आरोपियों को कानून के शिकंजे में लाया गया।

