

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) की ओर से आयोजित कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में शामिल लाखों अभ्यर्थियों का इंतजार जल्द खत्म हो सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 2026 का रिजल्ट जुलाई के अंतिम सप्ताह तक जारी होने की संभावना है।


UPPRPB ने राज्यभर में निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर 8, 9 और 10 जून 2026 को कांस्टेबल भर्ती परीक्षा आयोजित की थी। परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने भाग लिया था, जो अब परिणाम जारी होने का इंतजार कर रहे हैं।

रिजल्ट जारी होने के साथ ही बोर्ड की ओर से कैटेगरी के अनुसार कटऑफ अंक भी घोषित किए जाएंगे। जो उम्मीदवार निर्धारित कटऑफ अंक हासिल करेंगे, उन्हें भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) के लिए योग्य माना जाएगा।


पिछली भर्ती के आंकड़ों के आधार पर इस बार भी संभावित कटऑफ को लेकर अनुमान लगाए जा रहे हैं। पिछली परीक्षा में सामान्य वर्ग का कटऑफ 214.04644, ईडब्ल्यूएस का 187.31758, ओबीसी का 198.99599, एससी का 178.04955 और एसटी वर्ग का 146.73835 अंक रहा था।


उम्मीद जताई जा रही है कि अधिक संख्या में उम्मीदवारों के शामिल होने के कारण इस बार भी कटऑफ लगभग इसी स्तर के आसपास रह सकता है। हालांकि अंतिम कटऑफ बोर्ड द्वारा रिजल्ट जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
अभ्यर्थी रिजल्ट जारी होने के बाद UPPRPB की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम देख सकेंगे। इसके लिए उम्मीदवारों को वेबसाइट पर जाकर रिजल्ट लिंक पर क्लिक करना होगा और मांगी गई लॉगिन डिटेल दर्ज करनी होगी। इसके बाद स्क्रीन पर परिणाम दिखाई देगा, जिसे डाउनलोड भी किया जा सकेगा।

इस भर्ती अभियान के माध्यम से उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल के कुल 32,679 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इनमें सामान्य वर्ग के लिए 13,093 पद, ईडब्ल्यूएस के लिए 3,264 पद, ओबीसी के लिए 8,818 पद, एससी के लिए 6,857 पद और एसटी वर्ग के लिए 647 पद आरक्षित हैं।



