

स्थान : बाजपुर
रिपोर्टर : विशेष शर्मा

नैनीताल के पूर्व विधायक संजीव आर्य के नेतृत्व में गेट कॉलेज में युवाओं के साथ एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों, छात्र संघ पदाधिकारियों और युवा कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए भर्ती घोटालों और पेपर लीक के मुद्दे पर चर्चा की गई।


बैठक को संबोधित करते हुए संजीव आर्य ने कहा कि उत्तराखंड समेत पूरे देश में भाजपा सरकार के कार्यकाल में हुए भर्ती घोटालों, लगातार सामने आए पेपर लीक मामलों और भर्ती प्रक्रियाओं में भ्रष्टाचार ने लाखों युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि वर्षों मेहनत करने वाले छात्र आज भी न्याय और रोजगार के लिए संघर्ष कर रहे हैं।


उन्होंने कहा कि इन्हीं मुद्दों को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आगामी 17 जुलाई को देहरादून में आयोजित “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम में छात्रों और युवाओं के बीच पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं के अधिकार और उनकी समस्याओं की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर उठाया जाएगा।


बैठक में छात्र संघ पदाधिकारियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं और युवा साथियों से 17 जुलाई को देहरादून पहुंचकर कार्यक्रम में अधिक से अधिक भागीदारी करने की अपील की गई। वक्ताओं ने कहा कि युवाओं को न्याय दिलाने की इस मुहिम को जनआंदोलन का रूप दिया जाएगा।
संजीव आर्य ने कहा कि उत्तराखंड में भर्ती घोटालों और पेपर लीक की घटनाओं से युवाओं का सरकार पर भरोसा कमजोर हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं ने युवाओं के भविष्य पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।


बैठक में मौजूद नेताओं ने कहा कि युवा अब अपने अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से एकजुट होंगे। उन्होंने आह्वान किया कि छात्र, युवा और अभिभावक इस अभियान से जुड़कर 17 जुलाई को देहरादून पहुंचें और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएं।


इस अवसर पर किसान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह लाडी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु गाबा, विधायक प्रतिनिधि डीके जोशी, ब्लॉक प्रमुख पति जोरावर सिंह, श्रीनाथ विश्वास, ब्लॉक अध्यक्ष पवन शर्मा, किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष नवदीप सिंह कंग, हरदेव सिंह सहित काशीपुर और बाजपुर डिग्री कॉलेज के वर्तमान व पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष एवं पदाधिकारी, दर्जनों ग्राम प्रधान और सैकड़ों की संख्या में छात्र-युवा मौजूद रहे।

