

स्थान : खटीमा /ऊधम सिंह नगर
रिपोर्टर : अशोक सरकार

ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा क्षेत्र में वन्यजीव संरक्षण से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। खटीमा रेंज के उत्तरी बनबसा कंपार्टमेंट नंबर-5 से सटे क्षेत्र में एक नर हाथी मृत अवस्था में मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में हाथी की मौत करंट लगने से होने की आशंका जताई गई है।


रविवार को शारदा नहर किनारे सुरंग के पास स्थित एक खेत में करीब 10 से 15 वर्ष आयु का नर हाथी मृत मिला। घटना की सूचना मिलते ही वन बीट आरक्षी दीपू सिंह ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया, जिसके बाद वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची।


रेंजर हरेंद्र बिष्ट के नेतृत्व में वन कर्मियों ने घटनास्थल की घेराबंदी कर लोगों की आवाजाही रोक दी। इसके बाद हाथी के शव और आसपास के क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया गया ताकि साक्ष्यों को सुरक्षित रखा जा सके।


कुछ देर बाद प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) हिमांशु बांगड़ी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। मौके पर खेत के आसपास बिजली के तार मिलने से प्रथम दृष्टया यह आशंका जताई गई कि हाथी की मौत करंट लगने से हुई है।
जांच के दौरान वन विभाग ने यह पता लगाया कि खेत में लगाए गए बिजली के तार किसके थे और उन्हें किस उद्देश्य से लगाया गया था। साक्ष्यों के आधार पर खेत स्वामी दौलत राम की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर उन्हें हिरासत में लिया गया।


वन विभाग ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी दौलत राम को न्यायालय में पेश कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि मामले में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।



वन विभाग ने बताया कि हाथी की मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी। अधिकारियों ने लोगों से वन्यजीवों की सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने और खेतों में अवैध रूप से करंट प्रवाहित तार न लगाने की अपील की है। मामले की जांच जारी है।

