

स्थान : रानीखेत
रिपोर्टर : संजय जोशी

नरसिंह स्टेडियम में आयोजित उत्तराखंड के पहले 48 घंटे ट्रेल्स प्लस अल्ट्रा रन “द ट्रांस लूप्स” का सफल समापन हो गया। तीन दिनों तक चले इस ऐतिहासिक आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों से आए धावकों ने 6, 12, 24 और 48 घंटे की विभिन्न श्रेणियों में अपनी शारीरिक क्षमता, मानसिक दृढ़ता और साहस का परिचय दिया।


समापन समारोह में केआरसी कमांडेंट ब्रिगेडियर विजयंत महादिक एवं श्रीमती मनीषा महादिक ने विजेता प्रतिभागियों को ट्रॉफी, पदक और स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं उत्तराखंड में साहसिक खेलों और एंड्योरेंस स्पोर्ट्स को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।



प्रतियोगिता के 48 घंटे वर्ग में हरियाणा के गुलाब सिंह ने 727 चक्कर पूरे कर प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि महाराष्ट्र के भूपेंद्र सिंह राजपूत दूसरे स्थान पर रहे। 12 घंटे वर्ग में रानीखेत के नरेश डोबरियाल ने शानदार प्रदर्शन किया, जबकि 6 घंटे वर्ग में बागेश्वर की सुनीता पंत ने अपनी श्रेणी में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सम्मान प्राप्त किया। अन्य वर्गों के विजेताओं को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।

रानीखेत माउंटेनियरिंग एंड आउटडोर क्लब के अध्यक्ष सुमित गोयल ने कहा कि उत्तराखंड में अपनी तरह के पहले 48 घंटे ट्रेल्स प्लस अल्ट्रा रन का सफल आयोजन राज्य के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन ने रानीखेत को एंड्योरेंस स्पोर्ट्स के राष्ट्रीय मानचित्र पर नई पहचान दिलाई है।

उन्होंने कहा कि रानीखेत की प्राकृतिक सुंदरता, ऊंचाई, अनुकूल जलवायु और चुनौतीपूर्ण ट्रेल्स इसे विश्वस्तरीय एंड्योरेंस प्रतियोगिताओं के लिए आदर्श स्थल बनाते हैं। भविष्य में इस आयोजन को और अधिक भव्य स्वरूप देते हुए राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर तक ले जाने का प्रयास किया जाएगा।

सुमित गोयल ने आयोजन की सफलता का श्रेय जिला प्रशासन, सहयोगी संस्थाओं, स्वयंसेवकों, प्रायोजकों, तकनीकी टीम और सभी प्रतिभागियों को दिया। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों और सहयोग से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।



समारोह में होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष हिमांशु उपाध्याय, क्लब के सचिव देवांशु साह गंगोला, उपाध्यक्ष विवेक पांडेय सहित अनेक गणमान्य अतिथि, खेल प्रेमी और क्लब के सदस्य उपस्थित रहे। आयोजकों ने विश्वास जताया कि “द ट्रांस लूप्स” आने वाले वर्षों में खेल पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ उत्तराखंड को एडवेंचर और एंड्योरेंस स्पोर्ट्स के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

