

स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

पाल कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट (PCTM), हल्द्वानी और विज़नरी इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय Visionary India Model United Nations (VIMUN) 2026 का रविवार को भव्य समापन हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श, कूटनीतिक संवाद और नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन किया।


समापन समारोह के मुख्य अतिथि हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश रहे। उन्होंने विभिन्न समितियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिनिधियों को पुरस्कार और प्रमाण-पत्र प्रदान किए। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को नेतृत्व क्षमता, प्रभावी संवाद, कूटनीति और वैश्विक विषयों की समझ विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं।



विधायक सुमित हृदयेश ने पाल कॉलेज और विज़नरी इंडिया की पहल की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं के लिए इस तरह के शैक्षणिक मंच भविष्य के जिम्मेदार नेतृत्व के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से ऐसे आयोजनों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।


इस अवसर पर पाल कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट के प्रबंध निदेशक निर्भय पाल, अध्यक्ष नारायण पाल, सचिव कामिनी पाल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) अतुल पाल और बोर्ड ऑफ डायरेक्टर शिवांगी पाल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने VIMUN 2026 के सफल आयोजन के लिए आयोजक टीम और प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।
सम्मेलन के दौरान संयुक्त राष्ट्र की छह विभिन्न समितियों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय महत्व के विषयों पर चर्चा हुई। लोकसभा समिति में राष्ट्रीय सुरक्षा, राष्ट्रीय अखंडता और मतदाता धोखाधड़ी जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। वहीं आईपीएल समिति में खिलाड़ियों की नीलामी का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने टीम प्रबंधन और रणनीतिक निर्णय लेने की क्षमता का प्रदर्शन किया।

संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद (UNHRC), संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) और संयुक्त राष्ट्र महिला स्थिति आयोग (UNCSW) जैसी समितियों में मानवाधिकार, वैश्विक शांति, सुरक्षा, लैंगिक असमानता और अंतरराष्ट्रीय सहयोग जैसे विषयों पर गंभीर चर्चा हुई। प्रतिभागियों ने शोध, वक्तृत्व कला और कूटनीतिक कौशल का प्रभावी प्रदर्शन किया।


समापन समारोह में Best Delegate, High Commendation, Special Mention और Verbal Mention जैसी श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

विज़नरी इंडिया की ओर से को-फाउंडर एवं डायरेक्टर जनरल हरमन सिंह, डिप्टी सेक्रेटरी जनरल अनिश्का, एसोसिएट टीम मेंबर ओजस्विन, को-फाउंडर ऋषभ खत्री और फाइनेंशियल एडवाइजर स्वर्णिम ने सभी प्रतिभागियों, फैकल्टी मेंटर्स और आयोजन समिति का आभार जताया।
कार्यक्रम का समापन Prism Band की शानदार संगीत प्रस्तुति के साथ हुआ। बैंड की प्रस्तुति ने समारोह को यादगार बना दिया। VIMUN 2026 ने विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों को एक साझा मंच प्रदान कर वैश्विक दृष्टिकोण, लोकतांत्रिक संवाद और जिम्मेदार नेतृत्व के मूल्यों को मजबूत करने का कार्य किया।

