खटीमा के जंगल में करंट लगने से टस्कर की मौत की आशंका, वन विभाग ने शुरू की जांच

खटीमा के जंगल में करंट लगने से टस्कर की मौत की आशंका, वन विभाग ने शुरू की जांच

स्थान : खटीमा (ऊधम सिंह नगर)
ब्यूरो रिपोर्ट

ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा रेंज के उत्तरी बनबसा कंपार्टमेंट नंबर-5 से लगे जंगल में एक नर हाथी (टस्कर) मृत अवस्था में मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। घटनास्थल पर बिजली के तार मिलने के बाद प्रथमदृष्ट्या हाथी की मौत करंट लगने से होने की आशंका जताई जा रही है। वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है और एक संदिग्ध से पूछताछ की जा रही है।

रविवार को शारदा नहर किनारे सुरंग के पास स्थित एक खेत में करीब 10 से 15 वर्ष आयु का टस्कर मृत पड़ा मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर वन बीट आरक्षी दीपू सिंह ने विभागीय अधिकारियों को जानकारी दी। इसके बाद रेंजर हरेंद्र बिष्ट के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए क्षेत्र में आवाजाही रोक दी।

घटना की जानकारी मिलते ही डीएफओ हिमांशु बांगड़ी समेत वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। वन विभाग की टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए और पूरे मामले की जांच शुरू की।

हल्द्वानी से पहुंचे विशेषज्ञ चिकित्सकों के पैनल ने डॉ. राहुल सती की अध्यक्षता में मृत हाथी का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम के बाद नियमानुसार हाथी के शव को दफना दिया गया। जांच में हाथी के सभी अंग सुरक्षित पाए गए हैं, जबकि उसके दांतों को सुरक्षित संरक्षित कर लिया गया है।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार घटनास्थल से बिजली के तार बरामद हुए हैं। इन्हीं तारों के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि हाथी की मौत करंट लगने से हुई होगी। मौके से नमूने भी एकत्र किए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है।

वन विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि बिजली के तार किसने लगाए थे और उन्हें बिजली कनेक्शन से कैसे जोड़ा गया था। मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच में किसी व्यक्ति की संलिप्तता या लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।