रानीखेत में शुरू हुआ 48 घंटे का ट्रेल्स प्लस अल्ट्रा रन, देशभर के धावकों ने लिया हिस्सा

रानीखेत में शुरू हुआ 48 घंटे का ट्रेल्स प्लस अल्ट्रा रन, देशभर के धावकों ने लिया हिस्सा

स्थान : रानीखेत
रिपोर्टर : संजय जोशी

माउंटेनियरिंग एंड आउटडोर क्लब द्वारा आयोजित “द ट्रांस लूप्स–ट्रेल्स प्लस अल्ट्रा रन” प्रतियोगिता का शुभारंभ नरसिंह स्टेडियम में किया गया। प्रतियोगिता का फ्लैग ऑफ संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, आईएएस और लेफ्टिनेंट कर्नल गुरप्रीत सिंह, कुमाऊं रेजीमेंटल सेंटर ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया।

उत्तराखंड में अपनी तरह की पहली 48 घंटे की ट्रेल्स प्लस अल्ट्रा रन प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य प्रदेश में एंड्योरेंस स्पोर्ट्स और एडवेंचर रनिंग को बढ़ावा देना तथा रानीखेत को राष्ट्रीय स्तर पर एडवेंचर स्पोर्ट्स के क्षेत्र में नई पहचान दिलाना है।

प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से कुल 21 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। इसमें 48 घंटे वर्ग के सबसे वरिष्ठ प्रतिभागी 67 वर्षीय पांडियान शिवाबालन (कोयंबटूर, तमिलनाडु) हैं, जबकि 24 घंटे वर्ग में 20 वर्षीय कृष्णा (दिल्ली) सबसे युवा प्रतिभागी हैं। सभी प्रतिभागी अपनी शारीरिक और मानसिक सहनशक्ति का प्रदर्शन करेंगे।

इस अवसर पर रानीखेत माउंटेनियरिंग एंड आउटडोर क्लब के अध्यक्ष सुमित गोयल ने आयोजन सहयोगी संस्था द एंड्योरेंस कलेक्टिव की टीम का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन उत्तराखंड में एंड्योरेंस स्पोर्ट्स के क्षेत्र में एक नई शुरुआत है और भविष्य में यह प्रतियोगिता राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित पहचान हासिल करेगी।

उन्होंने कहा कि रानीखेत का प्राकृतिक वातावरण, मौसम और भौगोलिक परिस्थितियां एडवेंचर एवं एंड्योरेंस स्पोर्ट्स के लिए बेहद अनुकूल हैं। इस तरह के आयोजन क्षेत्र में खेल पर्यटन को भी बढ़ावा देंगे।

द एंड्योरेंस कलेक्टिव की संस्थापक विनीता जैन और कैप्टन मनीष सिंह (सेवानिवृत्त) ने कहा कि रानीखेत में इस प्रतियोगिता का आयोजन करना एक विशेष अनुभव है। उन्होंने कहा कि यहां की प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण ट्रेल रनिंग के लिए आदर्श है और आने वाले वर्षों में यह आयोजन देशभर के धावकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।

फ्लैग ऑफ समारोह में बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, स्थानीय नागरिक और विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागी मौजूद रहे। आयोजन ने रानीखेत में खेल और साहसिक पर्यटन को नई दिशा देने की पहल की है।

कार्यक्रम में रानीखेत माउंटेनियरिंग एंड आउटडोर क्लब के हिमांशु उपाध्याय, देवांशु साह गंगोला, जीवन कुंवरबी, श्याम फर्त्याल, गोविंद सिंह बिष्ट, गौरव पांडेय, बॉबी नवाब, अशोक मेहरोत्रा, विनोद खुल्वे, पंकज सती, सोनू सिद्दीकी सहित फोटोग्राफी टीम के एंजिला नवाब, अमोग बिष्ट और भार्गव जोशी मौजूद रहे।