

लोकेशन : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

नैनीताल जिले में अवैध मादक पदार्थों और शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लालकुआं पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर बिंदुखत्ता पुलिस टीम ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए एक चरस तस्कर और एक अवैध शराब विक्रेता को गिरफ्तार किया है।


पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी लालकुआं अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में बिंदुखत्ता पुलिस टीम ने 7 जुलाई को चेकिंग, गश्त और अपराध नियंत्रण अभियान चलाया। इसी दौरान पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में आरोपियों को पकड़ा।



पहले मामले में पुलिस टीम ने खैरानी बिंदुखत्ता के पास देर रात संदिग्ध अवस्था में खड़ी एक टीवीएस एनटॉर्क स्कूटी की जांच की। पुलिस के अनुसार, स्कूटी की नंबर प्लेट पर मिट्टी लगाकर नंबर छिपाया गया था। शक होने पर जब स्कूटी की डिक्की की तलाशी ली गई तो हेलमेट के अंदर रखे सफेद पॉलीबैग से 654.10 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई।

पुलिस ने मौके से आरोपी मनोज सिंह रावत पुत्र कुंवर सिंह रावत निवासी बुरथिंग बिरथी, थाना नाचनी, जिला पिथौरागढ़, हाल निवासी महादेव कॉलोनी, आरटीओ रोड, थाना मुखानी, नैनीताल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ कोतवाली लालकुआं में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
दूसरे मामले में बिंदुखत्ता पुलिस ने मसल्स फैक्ट्री जिम के पास प्लॉट में खड़े ट्रकों के बीच अवैध रूप से शराब बेचने की तैयारी कर रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान संजय सिंह बिलवाल पुत्र कुंदन सिंह बिलवाल निवासी बोढ़खत्ता, बिंदुखत्ता, लालकुआं के रूप में हुई।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की। इसमें इम्पीरियल ब्लू व्हिस्की के 28 पव्वे और मैकडॉवेल्स नंबर-1 व्हिस्की के 21 पव्वे शामिल थे। कुल 49 पव्वे शराब बरामद होने के बाद आरोपी के खिलाफ कोतवाली लालकुआं में आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।


पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार और अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी बिंदुखत्ता उपनिरीक्षक गौरव जोशी और कांस्टेबल दयाल नाथ शामिल रहे।

