सेवा पखवाड़ा के तहत खूनाबोरा में बहुउद्देशीय शिविर, 109 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ

सेवा पखवाड़ा के तहत खूनाबोरा में बहुउद्देशीय शिविर, 109 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ

स्थान : लोहाघाट (चंपावत)
ब्यूरो रिपोर्ट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर 4 से 18 जुलाई तक चल रहे ‘सेवा पखवाड़ा’ अभियान के अंतर्गत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के तहत विकासखंड लोहाघाट की ग्राम पंचायत भूमलाई के खूनाबोरा में जन-समस्या निवारण एवं बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर की अध्यक्षता जिलाधिकारी मनीष कुमार ने की, जबकि दर्जा राज्य मंत्री श्रीमती हेमा जोशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

शिविर के दौरान जिलाधिकारी मनीष कुमार ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक उनका लाभ पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र लाभार्थी योजनाओं से वंचित नहीं रहना चाहिए।

शिविर में 24 विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और मौके पर ही विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराईं। इस दौरान कुल 109 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिया गया। चिकित्सा विभाग ने स्वास्थ्य परीक्षण किया, आयुष विभाग ने होम्योपैथिक चिकित्सा एवं औषधियों का वितरण किया, जबकि कृषि विभाग ने किसानों को कृषि संबंधी जानकारी एवं आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए।

इसके अलावा विभिन्न प्रमाण-पत्र जारी किए गए तथा खाता-खतौनी में नाम दर्ज करने सहित कई प्रशासनिक सेवाओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया। ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं मिलने से उन्हें सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली।

शिविर के दौरान ग्रामीणों की समस्याओं एवं विकास कार्यों से संबंधित लगभग 25 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें पेयजल, विद्युत, सड़क, पुल एवं कलवर्ट निर्माण, पौराणिक मंदिरों के सौंदर्यीकरण, विद्यालयों में फर्श निर्माण तथा अन्य स्थानीय विकास कार्यों से जुड़े प्रार्थना-पत्र शामिल रहे। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को इन मामलों में समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि सेवा पखवाड़ा का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक प्रशासन और सरकारी योजनाओं की सीधी पहुंच सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार ऐसे शिविरों के माध्यम से लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा रहा है, जिससे आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

दर्जा राज्य मंत्री श्रीमती हेमा जोशी और मुकेश महराना ने कहा कि सरकार दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिन मांगों पर शासन स्तर से निर्णय लिया जाना आवश्यक होगा, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शासन के समक्ष रखा जाएगा। साथ ही उन्होंने नागरिकों से आगामी शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।