

स्थान : रुड़की
ब्यूरो रिपोर्ट

नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रुड़की की गंगनहर कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पंजाब के एक तस्कर को 980 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब दो करोड़ रुपये आंकी गई है। आरोपी खेप को रुड़की में सप्लाई करने आया था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया।


जानकारी के अनुसार, गंगनहर कोतवाली पुलिस लाठरदेवा अंडरपास के पास सघन वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी एक कार में बैठे युवक की गतिविधियां पुलिस को संदिग्ध लगीं। पुलिस टीम को अपनी ओर आते देख युवक कार से उतरकर भागने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही दबोच लिया।



पुलिस ने आरोपी की तलाशी लेने के साथ ही कार की भी जांच की। तलाशी के दौरान कार के डैशबोर्ड से 980 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई। बरामद मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर पुलिस ने उसे सील कर दिया और आरोपी को हिरासत में लेकर कोतवाली ले गई।


पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान गुरविंदर सिंह निवासी तरनतारण, पंजाब के रूप में बताई। उसने स्वीकार किया कि वह हेरोइन पंजाब से खरीदकर रुड़की में सप्लाई करने आया था। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने नशा तस्करी से जुड़े कुछ अहम सुराग भी पुलिस को दिए हैं, जिनके आधार पर आगे की जांच की जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि हेरोइन की खेप उसे किस तस्कर से मिली थी और इसे रुड़की तथा आसपास के क्षेत्रों में किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड और संभावित नेटवर्क की भी गहन जांच कर रही है।


पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। बरामद हेरोइन की सप्लाई चेन को तोड़ने और इससे जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों को लगाया गया है। जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।


गंगनहर कोतवाली पुलिस ने स्पष्ट किया कि जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे और नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

