पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने मांगी सार्वजनिक माफी, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने मांगी सार्वजनिक माफी, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

स्थान : रुड़की
ब्यूरो रिपोर्ट

रुड़की की राजनीति से जुड़ी एक महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। खानपुर के पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर सर्व समाज से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। उनका यह वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

वीडियो संदेश में कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने अपने 25 वर्षों के राजनीतिक जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा क्षेत्र के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उन्होंने दावा किया कि अपने कार्यकाल के दौरान त्याग, समर्पण और मेहनत के साथ जनता की सेवा करते हुए क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयास किए।

पूर्व विधायक ने कहा कि उनके प्रयासों से कभी अति पिछड़ा माना जाने वाला क्षेत्र आज विकासशील क्षेत्र के रूप में अपनी अलग पहचान बना चुका है। उन्होंने क्षेत्र के लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता के सहयोग और विश्वास ने उन्हें लगातार जनसेवा का अवसर दिया।

अपने वीडियो संदेश में उन्होंने कहा कि यदि उनके किसी बयान, व्यवहार या किसी अन्य कारण से जाने-अनजाने में 36 कौम के किसी भी व्यक्ति या समाज की भावनाएं आहत हुई हों, तो वह इसके लिए हृदय से क्षमाप्रार्थी हैं। उन्होंने सभी से आपसी भाईचारे और सौहार्द बनाए रखने की अपील भी की।

चैंपियन ने क्षेत्रवासियों से भविष्य में भी सहयोग और मार्गदर्शन देने का आग्रह किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगे भी क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े कार्यों के लिए सक्रिय रूप से प्रयास करते रहेंगे।

पूर्व विधायक के इस वीडियो संदेश को राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आगामी चुनावी माहौल को देखते हुए इस बयान के कई मायने निकाले जा रहे हैं, हालांकि इसके पीछे की मंशा को लेकर अलग-अलग तरह की चर्चाएं जारी हैं।

फिलहाल कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन का यह माफी वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। आने वाले दिनों में इस संदेश का स्थानीय राजनीति और जनमानस पर क्या प्रभाव पड़ता है, इस पर सभी की नजरें बनी हुई हैं।