नैनीताल में मौसम का कहर, घना कोहरा और बारिश से जनजीवन प्रभावित

नैनीताल में मौसम का कहर, घना कोहरा और बारिश से जनजीवन प्रभावित

स्थान : नैनीताल
ब्यूरो रिपोर्ट

सरोवर नगरी नैनीताल और उसके आसपास के क्षेत्रों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बिगड़ा हुआ नजर आ रहा है। घने कोहरे, तेज बारिश और बिजली की गर्जना के कारण जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।

नैनीताल के चारों ओर इस कदर घना कोहरा छाया हुआ है कि सामने कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा है। लगातार हो रही बारिश और बादलों की गर्जना से पूरा क्षेत्र ठंड की चपेट में आ गया है।

मौसम खराब होने के कारण पर्यटकों की आवाजाही में भी कमी दर्ज की गई है। होटल और पर्यटन स्थलों पर सन्नाटा पसरा हुआ है, जिससे स्थानीय पर्यटन व्यवसाय पर भी असर पड़ा है।

हालांकि दूसरी ओर जाम की समस्या से जूझ रहे स्थानीय लोगों को कुछ राहत मिली है। आमतौर पर भीड़भाड़ और ट्रैफिक से परेशान रहने वाले क्षेत्र में इस समय सड़कें अपेक्षाकृत खाली नजर आ रही हैं।

पर्यटक, जो नैनीताल और आसपास के क्षेत्रों में घूमने आए थे, वे खराब मौसम के चलते अपने होटलों में ही ठहरे हुए हैं। लगातार बारिश और कोहरे के कारण बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।

बारिश और ठंड बढ़ने से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। लोग गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे हैं और सुबह-शाम ठिठुरन महसूस की जा रही है।

झील क्षेत्र में भी सामान्य गतिविधियां प्रभावित हुई हैं। जानकारी के अनुसार, सुबह से ही नाव संचालन बंद है, जिससे पर्यटकों की गतिविधियां लगभग ठप पड़ी हैं।

विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम और आसपास के धार्मिक स्थलों पर भी श्रद्धालुओं की संख्या में कमी देखी जा रही है। मौसम में सुधार की उम्मीद के साथ फिलहाल क्षेत्र में गतिविधियां धीरे-धीरे सामान्य होने की प्रतीक्षा की जा रही है।