लमगड़ा में दर्दनाक सड़क हादसा, खाई में गिरी कार; चार की मौत, दो गंभीर घायल

लमगड़ा में दर्दनाक सड़क हादसा, खाई में गिरी कार; चार की मौत, दो गंभीर घायल

स्थान : अल्मोड़ा
रिपोर्टर : संजय जोशी

अल्मोड़ा जिले के लमगड़ा क्षेत्र में सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे चायखान-बेगानिया मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बलिया गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, बलिया गांव के पास मारुति अल्टो कार (यूके-04 जेड-5819) अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना के समय कार में कुल छह लोग सवार थे। हादसा इतना भीषण था कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही लमगड़ा थाना पुलिस, स्थानीय ग्रामीणों और राहत-बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर खाई में उतरकर रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद सभी लोगों को बाहर निकाला गया।

पुलिस के अनुसार, हादसे में मृतकों की पहचान ग्राम बलिया निवासी राजेंद्र सिंह बेलवाल (40) पुत्र नारायण सिंह बेलवाल, जगदीश सिंह (35) पुत्र लक्ष्मण सिंह, लछम सिंह (56) पुत्र प्रताप सिंह तथा पान सिंह (50) पुत्र बिशन सिंह के रूप में हुई है।

वहीं हादसे में घायल सचिन (18) और गोपाल सिंह (45) को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लमगड़ा ले जाया गया। चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल अल्मोड़ा (हायर सेंटर) रेफर कर दिया।

पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद पूरे बलिया गांव और लमगड़ा क्षेत्र में शोक का माहौल है।