

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट


उत्तराखंड में राजनीतिक गतिविधियां एक बार फिर तेज हो गई हैं। प्रदेश कांग्रेस द्वारा 28 जून से शुरू किए जा रहे “परिवर्तन संकल्प अभियान” को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। कांग्रेस इस अभियान के तहत प्रदेशभर में जनता के बीच जाकर सरकार की कथित नाकामियों को उजागर करेगी।


कांग्रेस नेताओं के अनुसार इस अभियान का उद्देश्य सरकार की नीतियों और विकास कार्यों की जमीनी हकीकत को जनता के सामने रखना है। पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव और शहर-शहर जाकर लोगों से संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाएंगे।



वहीं कांग्रेस के इस अभियान पर भारतीय जनता पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि कांग्रेस को पहले अपने संगठन के भीतर संवाद सुधारने की आवश्यकता है, क्योंकि पार्टी के अंदर आपसी तालमेल की कमी स्पष्ट दिखाई देती है।


महेंद्र भट्ट ने कहा कि कांग्रेस चाहे अपने कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करे, भाजपा को इससे कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा भी अपने स्तर पर “युवा संवाद कार्यक्रम” शुरू करने जा रही है। इसके तहत युवा मोर्चा हर विधानसभा क्षेत्र में 18 से 35 वर्ष की आयु के युवाओं से सीधा संवाद करेगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि इन संवाद कार्यक्रमों में संगठन के पदाधिकारी और मंत्री भी शामिल होंगे और युवाओं से विकास, रोजगार और राज्य की प्रगति जैसे मुद्दों पर चर्चा करेंगे।


भाजपा का कहना है कि यह पहल राज्य के विकास को नई दिशा देने और युवाओं की राय को नीति निर्माण से जोड़ने के उद्देश्य से की जा रही है।
दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के इस अभियान के ऐलान के बाद राज्य की राजनीति में सरगर्मी बढ़ गई है और आने वाले दिनों में राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने की संभावना है।

