
स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

आगामी कुम्भ मेला-2027 के सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल आयोजन को लेकर उत्तराखंड पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देशन में हरिद्वार स्थित मेला नियंत्रण भवन सभागार में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था वी. मुरुगेसन और अपर पुलिस महानिदेशक प्रशासन ए.पी. अंशुमान ने की। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, आतंकवाद निरोधक उपायों, अभिसूचना तंत्र, साइबर सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए गए।

बैठक की शुरुआत में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुम्भ मेला आयुष अग्रवाल ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से आगामी कुम्भ की तैयारियों और प्रस्तावित कार्ययोजना की जानकारी दी। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर ने जिले में सुरक्षा और यातायात से जुड़ी व्यवस्थाओं का विवरण प्रस्तुत किया। पुलिस महानिरीक्षक कुम्भ मेला योगेन्द्र सिंह रावत और मेलाधिकारी सोनिका सहित विभिन्न शाखाओं के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी अपने विभागों की तैयारियों और आवश्यक संसाधनों के संबंध में जानकारी दी। बैठक में सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया।





कुम्भ मेले के प्रमुख स्नान पर्वों पर उमड़ने वाली संभावित श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए विशेष सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने प्रमुख स्नान घाटों, संवेदनशील स्थानों, संकरे मार्गों और अत्यधिक भीड़ वाले क्षेत्रों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। पैदल यात्रियों के डायवर्जन, होल्डिंग एरिया, आपातकालीन निकासी और आपदा प्रबंधन की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई। इसके साथ ही प्रमुख स्थानों पर वॉच टावर स्थापित करने और बम निरोधक दस्ते द्वारा नियमित सुरक्षा जांच की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।


बैठक में आतंकवाद और अन्य संभावित सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए एटीएस, एसटीएफ, बम निरोधक दस्ता और अभिसूचना इकाइयों की भूमिका की समीक्षा की गई। वरिष्ठ अधिकारियों ने संवेदनशील स्थलों की निगरानी, संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि रखने और सुरक्षा एजेंसियों के बीच सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान की व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। साथ ही तकनीकी और मानवीय अभिसूचना तंत्र को प्रभावी बनाकर संगठित अपराध तथा अन्य संभावित खतरों की रोकथाम के लिए कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।


कुम्भ मेला-2027 के दौरान साइबर सुरक्षा और आधुनिक तकनीकी संसाधनों के उपयोग पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। बैठक में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, सीसीटीवी नेटवर्क, ड्रोन एवं एंटी ड्रोन प्रणाली तथा सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को समयबद्ध तरीके से क्रियाशील करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों, भ्रामक सूचनाओं और ऑनलाइन धोखाधड़ी की रोकथाम के लिए प्रभावी निगरानी व्यवस्था तैयार करने पर जोर दिया। इसके साथ ही तकनीकी संसाधनों के संचालन के लिए प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों और विशेषज्ञ टीमों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में यातायात प्रबंधन, रेलवे सुरक्षा और अग्निशमन व्यवस्थाओं की भी विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों को मेला क्षेत्र में पार्किंग स्थलों और होल्डिंग एरिया का समय से चयन करने तथा अत्यधिक भीड़ की स्थिति में वैकल्पिक यातायात योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। रेलवे स्टेशनों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, जीआरपी की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी और ट्रेनों के संचालन में संबंधित एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया। इसके अलावा मेला क्षेत्र में अग्निशमन उपकरणों, फायर सेफ्टी परीक्षण और आपातकालीन संचार व्यवस्था को मजबूत बनाने के निर्देश भी दिए गए।




कुम्भ मेले में तैनात होने वाले पुलिस बल और अन्य सुरक्षा संसाधनों की आवश्यकता का आकलन करने के निर्देश दिए गए। बैठक में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल, होमगार्ड, घुड़सवार पुलिस, जल पुलिस, यातायात पुलिस और अग्निशमन कर्मियों की संभावित आवश्यकता पर चर्चा हुई। अधिकारियों को बाहरी राज्यों से आने वाले पुलिसकर्मियों के आवास, भोजन, पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समय से व्यवस्था करने को कहा गया। साथ ही निर्माणाधीन पुलिस थानों, चौकियों, पुलिस लाइनों और अन्य आधारभूत संरचनाओं के कार्यों में तेजी लाने तथा पुलिसकर्मियों का आवश्यक प्रशिक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।


समीक्षा बैठक के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने कुम्भ मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण भी किया। एडीजी वी. मुरुगेसन और एडीजी ए.पी. अंशुमान ने पुलिस लाइन ऋषिकुल का संयुक्त निरीक्षण किया। वहीं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने हरकी पैड़ी, स्नान घाटों, अस्थायी पुलों, संकरे मार्गों, रेलवे स्टेशनों, पार्किंग क्षेत्रों, फायर स्टेशनों और निर्माणाधीन भवनों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी करने और कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

