

स्थान : ऊधम सिंह नगर
ब्यूरो रिपोर्ट


लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड के बाद उत्तराखंड का फायर विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। शासन के निर्देश पर पूरे जिले में कोचिंग सेंटरों, अस्पतालों, होटलों, रेस्टोरेंट और मॉल की फायर सेफ्टी जांच तेज कर दी गई है।


मुख्य अग्निशमन अधिकारी ईशान कटारिया के नेतृत्व में फायर विभाग की टीमों ने विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान तीन कोचिंग सेंटरों में फायर सेफ्टी मानकों में कमी पाए जाने पर नोटिस जारी किए गए हैं।



अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई संभावित हादसों को रोकने और सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू कराने के उद्देश्य से की जा रही है। टीमों द्वारा संस्थानों में अग्निशमन उपकरण, आपातकालीन निकास मार्ग और सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत जांच की जा रही है।


इसी बीच केलाखेड़ा क्षेत्र में एक मदरसे में अचानक आग लगने की घटना से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही फायर विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर समय रहते काबू पा लिया गया।

गनीमत रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।


फायर विभाग ने पूरे जिले में निरीक्षण अभियान और जागरूकता कार्यक्रमों को और तेज कर दिया है। साथ ही विभिन्न स्थानों पर मॉक ड्रिल भी कराई जा रही है ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सके।


अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

