

स्थान : रामनगर
ब्यूरो रिपोर्ट


अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रामनगर में स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान से प्रेरित होकर एसडीएम गोपाल सिंह चौहान स्वयं मैदान में उतरे और कोसी बैराज स्थित ग्रीन वैली कैंटीन के आसपास सफाई अभियान का नेतृत्व किया।


अभियान के दौरान एसडीएम ने अपने हाथों से क्षेत्र में फैले कचरे को उठाकर साफ किया और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है और सभी को अपने आसपास सफाई बनाए रखने का संकल्प लेना चाहिए।



एसडीएम गोपाल सिंह चौहान ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी विभागों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह समाज के हर व्यक्ति का नैतिक कर्तव्य है। यदि प्रत्येक नागरिक अपने घर, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने में सहयोग करे तो शहर और देश दोनों स्वच्छ और सुंदर बन सकते हैं।


इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, स्कूली बच्चे और सामाजिक संगठनों के सदस्य भी अभियान में शामिल हुए। सभी ने मिलकर क्षेत्र की सफाई की और स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया।

अभियान में नगर पालिका के पर्यावरण मित्रों तथा सीसीटी संस्था से जुड़े लोगों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। सभी ने मिलकर कचरा एकत्र किया और लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाने की अपील की।

एसडीएम के इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की। उपस्थित लोगों ने स्वच्छता अभियान से जुड़ने और अपने आसपास सफाई बनाए रखने का संकल्प लिया। साथ ही अन्य लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने की बात कही।


कार्यक्रम के अंत में एसडीएम गोपाल सिंह चौहान ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि स्वच्छता हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से सार्वजनिक स्थलों पर कचरा न फैलाने तथा स्वच्छ भारत अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान देने का आग्रह किया।

