

स्थान : पौड़ी
ब्यूरो रिपोर्ट


अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूड़ी भूषण ने कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र में आयोजित विभिन्न योग कार्यक्रमों में प्रतिभाग कर लोगों को योग के प्रति जागरूक किया। उन्होंने विभिन्न स्थानों पर आयोजित योग शिविरों में शामिल होकर सामूहिक योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।


कार्यक्रम की शुरुआत सुबह रतनपुर ग्रास्टनगंज में आयोजित सामूहिक योगाभ्यास से हुई, जहां विधानसभा अध्यक्ष ने स्थानीय नागरिकों के साथ योग किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रतिभागियों को योग मैट भी वितरित किए और नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया।



इसके बाद उन्होंने मालवीय उद्यान में भारत स्वाभिमान पतंजलि योग समिति द्वारा आयोजित योग कार्यक्रम में भाग लिया। यहां बड़ी संख्या में योग साधकों और स्थानीय नागरिकों ने योगाभ्यास कर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया।


विधानसभा अध्यक्ष ने क्रेडल पब्लिक स्कूल में पतंजलि योग महिला समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भी शिरकत की। कार्यक्रम में महिलाओं और छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग के विभिन्न आसनों और प्राणायाम का अभ्यास किया।

इस दौरान उन्होंने समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित भी किया। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों का सम्मान समाज को सकारात्मक दिशा देने और दूसरों को प्रेरित करने का कार्य करता है।


अपने संबोधन में ऋतु खण्डूड़ी भूषण ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अथक प्रयासों से भारतीय योग परंपरा को वैश्विक पहचान मिली है और आज विश्वभर में करोड़ों लोग योग को अपना रहे हैं।


उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के समन्वय का माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति स्वस्थ, ऊर्जावान और तनावमुक्त जीवन जी सकता है।
विधानसभा अध्यक्ष ने सभी नागरिकों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ समाज और स्वस्थ राष्ट्र के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

