

स्थान : अल्मोड़ा
रिपोर्टर : संजय जोशी


अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को अल्मोड़ा स्थित मल्ला महल में “वृद्धावस्था के लिए योग (Yoga for Healthy Aging)” थीम पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री तथा अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ संसदीय क्षेत्र के सांसद अजय टम्टा द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।


कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए सांसद अजय टम्टा ने योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताया। उन्होंने कहा कि योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रह सकता है तथा संतुलित जीवन की ओर अग्रसर हो सकता है।



इस अवसर पर जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने भी उपस्थित जनसमूह से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि योग जीवन को अनुशासित और स्वस्थ बनाए रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है।


जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. मोहम्मद शाहिद के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 515 लोगों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में एसएसबी, योग निलयम, गायत्री परिवार, ग्रीन फाउंडेशन, आर्ट ऑफ लिविंग, पतंजलि योगपीठ, मानसखंड, नमामि गंगे, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
योगाभ्यास के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया गया। इसके साथ ही योग साधकों द्वारा विशेष योग प्रदर्शन भी प्रस्तुत किए गए, जिन्हें उपस्थित लोगों ने सराहा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया। योग के महत्व और इसके वैज्ञानिक लाभों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।


इस अवसर पर राज्य मंत्री कुंदन लटवाल, राज्य मंत्री गंगा बिष्ट, राज्य मंत्री गोविंद सिंह पिलखवाल, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, योग प्रशिक्षक, मीडिया प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।
कार्यक्रम ने योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली और वृद्धावस्था में बेहतर जीवन की अवधारणा को मजबूती देने का संदेश दिया।

