

स्थान : रानीखेत
रिपोर्टर : संजय जोशी


सीमांत मुख्यालय रानीखेत के प्रांगण में 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस अत्यंत उत्साह और भव्यता के साथ आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम सीमांत मुख्यालय के महानिरीक्षक अमित कुमार के कुशल निर्देशन में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में स्वयं महानिरीक्षक अमित कुमार द्वारा किया गया।


इस अवसर पर देशभर में आयोजित मुख्य राष्ट्रीय कार्यक्रम को कोलकाता से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नेतृत्व प्रदान किया गया। रानीखेत मुख्यालय में इसका सीधा प्रसारण देखने के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी, जिससे सभी प्रतिभागी राष्ट्रीय कार्यक्रम से जुड़ सके।



सजीव प्रसारण के माध्यम से अधिकारियों, बल कर्मियों और उनके परिवारों ने प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना और राष्ट्रीय योग कार्यक्रम के साथ स्वयं को जोड़ते हुए सामूहिक अभ्यास किया। इस दौरान सभी ने ‘कॉमन योग प्रोटोकॉल’ के निर्धारित नियमों और दिशा-निर्देशों का पूर्ण निष्ठा के साथ पालन किया।


प्रधानमंत्री के संदेश से प्रेरित होकर प्रांगण में मौजूद सभी प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की क्रियाओं का सामूहिक अभ्यास किया। पूरे परिसर में अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला।

कार्यक्रम में हार्टफुलनेस इंस्टीट्यूट के प्रतिनिधियों विश्व विजय सिंह मेहरा, कमल पांडे और भगवंत सिंह रावत का विशेष रूप से स्वागत किया गया। महानिरीक्षक अमित कुमार ने संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए उनका अभिनंदन किया।


इस दौरान बताया गया कि हार्टफुलनेस इंस्टीट्यूट एक वैश्विक स्वयंसेवी, गैर-लाभकारी संगठन है, जो 160 से अधिक देशों में सक्रिय है। यह संस्था सरल और हृदय-केंद्रित ध्यान, योग तथा विश्राम तकनीकों के माध्यम से तनाव प्रबंधन और मानसिक शांति को बढ़ावा देती है।



कार्यक्रम में अधिकारियों, बल कर्मियों, संदीक्षा परिवार के सदस्यों तथा संस्थान के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने योग की विभिन्न मुद्राओं और प्राणायाम का अभ्यास कर स्वस्थ जीवन और मानसिक संतुलन का संदेश दिया।

