युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे बड़ी पूंजी : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे बड़ी पूंजी : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

स्थान : चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने दो दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान शनिवार को अपनी विधानसभा क्षेत्र चम्पावत के टनकपुर पहुंचे। जनपद आगमन पर प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

टनकपुर स्थित मिलन वाटिका में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने युवाओं के साथ सीधे संवाद किया। कार्यक्रम का आयोजन शिवम फाउंडेशन द्वारा किया गया था। फाउंडेशन के अध्यक्ष शशांक गोयल ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश का युवा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है और नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं के विभिन्न सवालों का जवाब देते हुए शिक्षा, रोजगार, विज्ञान, तकनीक, खेल और महिला सशक्तिकरण जैसे विषयों पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि युवाओं के सुझाव और सहभागिता प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में पूछे गए प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विज्ञान, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने बताया कि चम्पावत में विज्ञान केंद्र, महिला खेल महाविद्यालय और अन्य विकास परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है।

सीमांत क्षेत्रों से पलायन और रोजगार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को स्थानीय स्तर पर अवसर उपलब्ध कराने के लिए पुस्तकालय, ज्ञानसेतु केंद्र, खुले व्यायाम स्थल, बास्केटबॉल और बैडमिंटन कोर्ट जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटन और साहसिक गतिविधियों को बढ़ावा देकर रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं।

मानसिक स्वास्थ्य और नशा मुक्ति से जुड़े प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने युवाओं से “नशामुक्त देवभूमि अभियान” को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति ए.पी.जे. अब्दुल कलाम, सचिन तेंदुलकर और ई. धरन के उदाहरण देते हुए युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी।

महिला सशक्तिकरण पर मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाएं रक्षा, विज्ञान, अंतरिक्ष, खेल और प्रशासन सहित हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश की दो लाख पचहत्तर हजार से अधिक महिलाएं “लखपति दीदी” बन चुकी हैं। साथ ही विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा संवाद जैसे कार्यक्रम समाज में नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच का संचार करते हैं। उन्होंने कहा कि भारत विश्व का सबसे युवा राष्ट्र है और युवा शक्ति ही विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत तथा विश्वगुरु भारत के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली युवाओं और उनके अभिभावकों को सम्मानित भी किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा, रोजगार, खेल, नवाचार और स्वरोजगार के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है।