

स्थान : ऋषिकेश (देहरादून)
ब्यूरो रिपोर्ट


देहरादून ISBT मार्ग स्थित एक सप्ताह से चल रहे निशुल्क मल्टी सर्विसेज समर कैंप का शुक्रवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। समापन अवसर पर बच्चों ने पेंटिंग और भाषण प्रतियोगिता के माध्यम से अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने शिरकत की। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना की।



कुसुम कंडवाल ने कहा कि ऐसे समर कैंप बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे न केवल उनकी रचनात्मक क्षमता बढ़ती है, बल्कि आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति कौशल भी विकसित होता है।


कार्यक्रम के दौरान बच्चों द्वारा बनाई गई पेंटिंग्स और दिए गए भाषणों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास को देखकर अभिभावकों और आयोजकों ने भी खुशी जताई।

कैंप निदेशक मनोज रांगड़ ने बताया कि इस समर कैंप का मुख्य उद्देश्य बच्चों को मोबाइल और डिजिटल दुनिया से कुछ समय दूर रखकर उन्हें रचनात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करना था।


उन्होंने कहा कि बच्चों के मानसिक, शारीरिक और बौद्धिक विकास के लिए ऐसे शिविर बेहद जरूरी हैं। इसके माध्यम से बच्चों में छिपी प्रतिभा को निखारने और उन्हें सही मंच देने का प्रयास किया गया है।


समापन अवसर पर आयोजकों ने प्रतिभागी बच्चों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पूरे कार्यक्रम में उत्साह और रचनात्मकता का माहौल देखने को मिला।

