

स्थान : हरिद्वार (मंगलौर)
ब्यूरो रिपोर्ट


मंगलौर आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी संगठनात्मक गतिविधियों को तेज कर दिया है। मंगलौर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में लगातार बैठकों का दौर जारी है, जिसके माध्यम से पार्टी कार्यकर्ताओं को चुनावी रणनीति और संगठन को मजबूत करने का संदेश दिया जा रहा है।


इसी क्रम में मंगलौर विधानसभा क्षेत्र के मुण्डलाना मंडल अंतर्गत हरजौली जट गांव में भाजपा कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंडल अध्यक्ष सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।



बैठक के दौरान संगठन विस्तार, बूथ स्तर पर मजबूती और आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों से संपर्क बढ़ाने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।


कार्यक्रम में मुख्य रूप से पहुंचे भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश मंत्री चौधरी कवींद्र सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उनमें उत्साह और ऊर्जा का संचार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत हैं और उनके परिश्रम से ही संगठन लगातार मजबूत हो रहा है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से विशेष पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) को लेकर पूरी तरह जागरूक रहने की अपील की। साथ ही कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल हों, ताकि कोई भी मतदाता अपने मतदान अधिकार से वंचित न रहे।


चौधरी कवींद्र सिंह ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मतदाता सूची का सही और अद्यतन होना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क कर लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया।


उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि भाजपा की नीतियों और कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी को व्यापक समर्थन मिलेगा। उन्होंने दावा किया कि इस बार मंगलौर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा का कमल अवश्य खिलेगा।
बैठक के अंत में कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने और आगामी चुनावों में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। भाजपा नेताओं ने कहा कि संगठनात्मक एकजुटता और जनता के बीच निरंतर संवाद ही सफलता की कुंजी है।

