केतन लाल हत्याकांड में दो और आरोपी गिरफ्तार, अब तक चार लोग पहुंचे जेल

केतन लाल हत्याकांड में दो और आरोपी गिरफ्तार, अब तक चार लोग पहुंचे जेल

स्थान : टिहरी
ब्यूरो रिपोर्ट

टिहरी टिहरी गढ़वाल के लंबगांव थाना क्षेत्र स्थित खोलगढ़ गांव में हुए चर्चित केतन लाल हत्याकांड में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही इस मामले में अब तक कुल चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार,सोमवार को देवल गांव निवासी धनपाल लाल ने थाना लंबगांव में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनके पुत्र केतन लाल और उसके साथी दिवाकर डिमरी के साथ यशवीर सिंह पंवार, विद्या सिंह पंवार तथा अन्य लोगों ने मारपीट की और उन्हें बंधक बनाकर रखा।

परिजनों के अनुसार मारपीट के दौरान केतन लाल को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं उसके साथी दिवाकर डिमरी गंभीर रूप से घायल हो गए और उनका हाथ भी फ्रैक्चर हो गया। उनका उपचार जिला अस्पताल बौराड़ी में चल रहा है।

तहरीर के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 3(5) तथा एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(v) के तहत मामला दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने जांच के लिए विशेष निर्देश जारी किए।

पुलिस ने पहले ही मुख्य आरोपी यशवीर सिंह पंवार और विद्या सिंह पंवार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। इसके बाद तकनीकी साक्ष्यों, गवाहों के बयान और जांच के आधार पर दो अन्य आरोपियों सचिन सिंह पंवार और सुमित प्रसाद को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

एसएसपी श्वेता चौबे ने बताया कि मामले में जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है।

प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार केतन लाल को एक नाबालिग लड़की के माध्यम से गांव बुलाया गया था। केतन अपने मित्र दिवाकर डिमरी के साथ बाइक से वहां पहुंचा था।

आरोप है कि गांव पहुंचने के बाद दोनों युवकों को कुछ लोगों ने पकड़ लिया और एक कमरे में ले जाकर बेरहमी से पीटा। गंभीर चोटों के कारण केतन लाल की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। मामले ने पूरे क्षेत्र में आक्रोश पैदा कर दिया है और पुलिस की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।