मसूरी में सड़कों पर फैली निर्माण सामग्री बनी हादसों की वजह, प्रशासन पर उठे सवाल

मसूरी में सड़कों पर फैली निर्माण सामग्री बनी हादसों की वजह, प्रशासन पर उठे सवाल

स्थान : मसूरी
ब्यूरो रिपोर्ट

मसूरी पर्यटन नगरी मसूरी में सड़कों और संपर्क मार्गों पर फैली निर्माण सामग्री लोगों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बनती जा रही है। बीती रात बर्लोगंज की ओर जा रहा एक दंपत्ति स्कूटी समेत सड़क पर फैली निर्माण सामग्री की चपेट में आकर घायल हो गया। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर के कई मुख्य और संपर्क मार्गों पर निर्माण सामग्री के ढेर लगे हुए हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। खासकर दोपहिया वाहन चालक आए दिन इनकी वजह से चोटिल हो रहे हैं।

इन दिनों मसूरी में पर्यटन सीजन अपने चरम पर है और बड़ी संख्या में पर्यटक शहर पहुंच रहे हैं। इसके बावजूद नगर पालिका, लोक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े अधिकारी सड़कों पर फैली निर्माण सामग्री को हटाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई करते नजर नहीं आ रहे हैं।

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि निर्माण सामग्री के कारण न केवल दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं, बल्कि यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। कई स्थानों पर सड़कें संकरी हो गई हैं, जिससे जाम की समस्या भी बढ़ रही है।

गौरतलब है कि कुछ समय पूर्व मसूरी विधायक एवं कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी की अध्यक्षता में हुई बैठक में भी यह मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया था। बैठक में संबंधित विभागों को सड़कों पर रखी निर्माण सामग्री हटाने के निर्देश दिए गए थे।

हालांकि, लगभग पंद्रह दिन बीत जाने के बाद भी जमीनी स्तर पर स्थिति में कोई बड़ा सुधार देखने को नहीं मिला। शहर के विभिन्न हिस्सों में अब भी निर्माण सामग्री खुले में पड़ी हुई है, जिससे लोगों में नाराजगी बनी हुई है।

इस बीच यह सवाल भी उठ रहा है कि पर्यटन सीजन के दौरान निर्माण कार्यों पर प्रतिबंध होने के बावजूद कई स्थानों पर निर्माण गतिविधियां कैसे जारी हैं। सड़कों पर पड़े निर्माण सामग्री के ढेर इस ओर स्पष्ट संकेत कर रहे हैं।

नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन ने बताया कि किंक्रेग क्षेत्र सहित कई स्थानों से निर्माण सामग्री हटाई गई है और संबंधित लोगों को चेतावनी दी गई है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका ने जेसीबी मशीन और कर्मचारियों की तैनाती कर दी है तथा जल्द ही अभियान चलाकर सड़कों पर रखी गई निर्माण सामग्री को जब्त किया जाएगा। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों को नोटिस जारी कर कार्रवाई भी की जाएगी।