

स्थान : चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट


चंपावत पाटी नगर पंचायत के पहले चुनाव में भाजपा की हार के बाद लोहाघाट विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने बड़ा राजनीतिक बयान दिया है। उन्होंने इस चुनाव परिणाम को वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल बताते हुए कहा कि जनता ने भाजपा को स्पष्ट संदेश दे दिया है।


विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने कहा कि पाटी नगर पंचायत चुनाव में भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ा है और यह परिणाम आने वाले विधानसभा चुनावों की दिशा तय करने वाला साबित हो सकता है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 में भी भाजपा को बड़ी हार का सामना करना पड़ेगा।



उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान भाजपा का चोला पहने कई भाजपा नेता निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार करते दिखाई दिए। इससे स्पष्ट है कि भाजपा के भीतर भी अपने प्रत्याशी को लेकर एकजुटता नहीं थी।


अधिकारी ने कहा कि भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों की पूरी टीम चुनाव मैदान में उतरी थी, लेकिन इसके बावजूद पार्टी अपने प्रत्याशी को जीत दिलाने में असफल रही। उन्होंने इसे भाजपा के लिए शर्मनाक हार बताया।
कांग्रेस विधायक ने कहा कि जनता ने भाजपा की नीतियों और कार्यशैली को नकार दिया है। उन्होंने दावा किया कि मतदाताओं ने अपने मतदान के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया है कि धनबल और दबाव की राजनीति अब स्वीकार नहीं की जाएगी।

विधायक अधिकारी ने चुनाव में विजयी रहे निर्दलीय प्रत्याशी नारायण लाल को बधाई देते हुए क्षेत्र की जनता का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह जीत लोकतंत्र और जनता की ताकत की जीत है।


उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के गृह जिले में भाजपा की यह हार राजनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। चुनाव में भाजपा के कई बड़े नेता और पदाधिकारी सक्रिय थे, लेकिन जनता ने उनके प्रयासों को स्वीकार नहीं किया।
खुशाल सिंह अधिकारी ने कहा कि पाटी नगर पंचायत चुनाव का परिणाम वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का संकेत है। उनके अनुसार यह परिणाम प्रदेश की राजनीति में बदलाव की शुरुआत है और आने वाले समय में भाजपा को और बड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है।

