

स्थान : देहरादून
ब्यरो रिपोर्ट


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में चलाए जा रहे “कम तेल की थाली, भारत की खुशहाली” राष्ट्रीय अभियान को उत्तराखंड में भाजपा महिला मोर्चा सक्रिय रूप से आगे बढ़ा रहा है। अभियान की जिम्मेदारी भाजपा महिला मोर्चा को सौंपी गई है और प्रदेशभर में यह कार्यक्रम 25 जून तक सभी जिलों एवं मंडलों में आयोजित किया जाएगा।


भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश स्तरीय अभियान का शुभारंभ 8 जून को देहरादून ग्रामीण जिले से किया गया। उन्होंने कहा कि उद्घाटन कार्यक्रम में उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति और पारंपरिक खानपान की विशेष झलक देखने को मिली।



कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए प्लास्टिक के बर्तनों का उपयोग नहीं किया गया। भोजन परोसने के लिए मिट्टी की हांडी, मालू के पत्तों तथा अन्य प्राकृतिक संसाधनों का प्रयोग किया गया। वहीं सोलर कूकर और पहाड़ी नमक जैसे स्थानीय एवं प्राकृतिक उत्पादों को भी बढ़ावा दिया गया।


रुचि भट्ट ने बताया कि कार्यक्रम में लगाए गए लाइव कुकिंग काउंटर पर बिना तेल के स्प्राउट्स-फ्रूट सलाद, मट्ठा और लस्सी जैसे स्वास्थ्यवर्धक व्यंजन तैयार किए गए। इसके माध्यम से यह संदेश दिया गया कि कम तेल का उपयोग केवल ईंधन बचत का विषय नहीं, बल्कि बेहतर स्वास्थ्य से भी जुड़ा हुआ है।

अभियान के पहले दिन स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। साथ ही विशेषज्ञ डाइटिशियन ने कम तेल वाले भोजन के स्वास्थ्य लाभों की जानकारी देते हुए संतुलित आहार अपनाने पर जोर दिया।


प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा महिलाओं की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से इस अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाएगा, ताकि स्वस्थ जीवनशैली और पौष्टिक भोजन के प्रति अधिक से अधिक लोगों को जागरूक किया जा सके।



